- सभी की हालत स्थिर, आईटीबीपी, इन्दिराकॉलोनी व सीमाद्वार का मामला

- हॉस्पिटल में व्यवस्था दुरूस्त, अभी कोई भी नहीं हुआ भर्ती

देहरादून। : दून में स्वास्थ्य विभाग की तमाम कोशिशों के बाद भी डेंगू के मामलों में इजाफा होता जा रहा है। बीते पांच दिनों में डेंगू के 3 नए मामले सामने आए है। इसके बाद दून में डेंगू के कुल 9 मामले हो गए हैं। हालांकि विभाग का दावा है कि सभी की हालत में सुधार है। वे अपने -अपने घरों में है। सीएमओ ऑफिस से मिली जानकारी के अनुसार यह सभी डेंगू के पॉजिटिव पेशेंट सीमाद्वार, आईटीबीपी व इन्दिराकॉलोनी के है। जो दो किलोमीटर के दायरे में रहते है। विभाग के अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में डेंगू की लार्वा निरोधात्मक कार्यवाही की गई है। क्षेत्र में दवा का छिड़काव भी किया गया है। ऐसे में घबराने की जरुरत नहीं है।

यह है तीन नए मामले

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार डेंगू के तीन नए मामले अलग-अलग दिनों के है। एक मामला 19 अगस्त को पॉजिटिव मिला , जबकि एक मामला 21 को पॉजिटिव आया व तो तीसरा मामला 25 अगस्त को पॉजिटिव आया है। हालांकि तीनों की हालत में सुधार है। 19 को आया मामला इन्दिरानगर निवासी पुरूष है। दूसरा मामला 21 का है। जो सीमाद्वार में पॉजिटिव मिला। जबकि तीसरा मामला आईटीबीपी निवासी का 25 को पॉजिटिव आया। तीनों की एलाइजा जांच पॉजिटिव आई है।

बरती जा रही सावधानी

डेंगू की आशंका को देखते हुए नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार मोर्चे पर डटी हुई है। लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी डेंगू के पॉजिटिव केस मिल रहे है। हालांकि सभी डेंगू पॉजिटिव पेशेंट की हालत स्थिर है। शहर में फॉगिंग तो लगातार की ही जा रही है, वहीं वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम अब तक घरों में डेंगू मच्छर (टाइगर मॉस्क्यूटो) का लार्वा चेक कर उसे नष्ट करने का भी दावा कर रही है। इसके साथ ही डेंगू के इलाज के लिए बेड भी रिजर्व कर दिए गए हैं।

ड्रोन से किया जा रहा सेनेटाइजेशन फेल

नगर निगम की ओर से शहर में जगह -जगह सेनेटाइजेशन किया जा रहा है। सड़कों से जहां गाड़ी नहीं पहुंच पा रही है। वहां ड्रोन के माध्यम से सेनेटाइजेशन किया जा रहा है। लेकिन इसके बाद भी कई इलाकों में सेनेटाइजेशन न होने के कारण डेंगू का टाइगर डंक मार गया।

हो रहा लार्विसाइड का छिड़काव

स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर लोगों को डेंगू से बचाव के लिए अवेयर कर रही है। तो वहीं नगर निगम की टीम डेंगू मलेरिया की रोकथाम के लिए लार्विसाइड, इंसेक्टिसाइड का छिड़काव, फागिंग करा रही हैं।

7 हॉस्पिटल किए गए तैयार

दून हॉस्पिटल में कोरोना हॉस्पिटल बनने के बाद से यहां डेंगू के लिए हॉस्पिटल को तैयार किया गया है। हॉस्पिटल में एलाइजा जांच के लिए इक्विपमेंट उपलब्ध करा दिए गए हैं। इसके साथ ही पीएचसी और सीएच समेत 7 हॉस्पिटल तैयार किए गए हैं। इनमें आइसोलेशन वार्ड तैयार किए जा रहे हैं।

वर्षवार यह रहा डेंगू का हाल

वर्ष - कुल केस - मौत

2015- 829 - 00

2016 - 1434- 3

2017- 366 - 00

2018 - 314- 00

2019- 4991 -06

2020 - 00 -00

2021- 09 -00

यह हैं डेंगू के लक्षण

तेज बुखार

सिर दर्द

मांसपेशियों, जोड़ों में दर्द

जी मिचलाना

उल्टी लगना

आंखों के पीछे दर्द

त्वचा पर लाल चकत्ते होना

-----------

अब तक डेंगू के 9 केस पॉजिटिव हो चुके है। लेकिन ऐसी स्थिति में घबराने की जरुरत नहीं है। सभी पॉजिटिव पेशेंट ठीक हैं। वह अपने घर पर है। सभी को चाहिए कि अपने आस -पास सावधानी बरकं। पूरी बाजू के कपड़े पहने। जगह-जगह पानी जमा न होने दें। समय-समय पर दवा का छिड़काव करें ताकी डेंगू का लार्वा आपके घर में न पनपे.:-

- डॉ। सुभाष जोशी, जिला वैक्टर जनित रोग अधिकारी देहरादून