देहरादून ब्यूरो। थाना डालनवाला पुलिस को मंडे रात एक डेथ मेमो कोरनेशन हॉस्पिटल से मिला। मेमो में एक महिला को मृत अवस्था में हॉस्पिटल लाये जाने की बात कही गई थी। पुलिस कोरोनेशन हॉस्पिटल पहुंची तो महिला का शव मोर्चरी में रखवा दिया गया था। पता चला कि मृत महिला उषा देवी पत्नी राम सिंह निवासी बलवीर रोड डालनवाला की मौत रहस्यमय परिस्थिति में हुई है। महिला के पति राम सिंह ठाकुर ने मौत के कारणों के बारे में कोई भी जानकारी होने से इंकार कर दिया।

राम सिंह ने कबूला अपराध
पुलिस राम सिंह को उसके घर ले गई और सख्ती से पूछताछ की तो राम सिंह ने अपनी पत्नी की हत्या किये जाने का अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसकी शादी 3 वर्ष पहले 50 वर्षीय ऊषा देवी के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही संपत्ति को लेकर ऊषा देवी के साथ उसका विवाद होने लगा था। बीती रात भी संपत्ति विवाद को लेकर उनका झगड़ा हुआ था। रात को जब ऊषा देवी सो गई तो उसने ऊषा के सिर पर क्रिकेट के बल्ले से चोट मारकर उसका मर्डर कर दिया। बल्ले को उसने छत पर छिपा दिया।

108 बुलाकर पहुंचाया हॉस्पिटल
पत्नी का मर्डर करने के बाद राम ंिसह ने होशियारी करने का प्रयास किया। उसने 108 को बुलाकर ऊषा देवी को यह कहकर कोरोनेशन हॉस्पिटल पहुंचाया कि उसकी पत्नी को अचानक कुछ हो गया है। हालांकि पुलिस को शुरुआती पूछताछ में ही राम सिंह पर शक होने लगा था। सख्ती से की गई पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पार्षद ने करवाया केस दर्ज
इस मामले में पार्षद निखिल कुमार निवासी संजय कॉलोनी डालनवाला ने राम सिंह द्वारा सिर पर बल्ले से प्रहार कर ऊषा की हत्या करने के संबंध में थाना डालनवाला में मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस ने राम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या के इस्तेमाल किया गया क्रिकेट का बल्ला भी बरामद कर लिया है।