-दून प्रवास के दूसरे दिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बूथ अध्यक्ष और उससे ऊपर के पदाधिकारियों से वर्चुअल माध्यम से किया संबोधन

-कहा पीएम नरेंद्र मोदी ने कोरोना जैसी आपदा को अवसर में बदलने का किया काम

देहरादून,

उत्तराखंड प्रवास के तीसरे दिन और दून प्रवास के दूसरे दिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बूथ अध्यक्ष और उससे ऊपर के पदाधिकारियों से वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब देश लॉकडाउन था तो सारी पार्टियां लॉकडाउन थीं, केवल भाजपा ने बाहर निकलकर सामाजिक कार्य किए। करोड़ों लोगों तक राशन पहुंचाया। सारी पार्टियां लॉकडाउन हैं और भगवान उन्हें लॉकडाउन ही रखे। कोई भी राजनीतिक दल बयानबाजी के अलावा कोई काम नहीं कर रहा है। विपक्षी दल अब भाजपा का विरोध करते-करते राष्ट्रीय हितों को भी दरकिनार करने लगे हैं।

पीएम ने 20 लाख करोड़ रुपये के आत्मनिर्भर पैकेज की घोषणा की

संडे को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बूथ अध्यक्ष और उससे ऊपर के पदाधिकारियों को वर्चुअल बैठक के माध्यम से संबोधित किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने कोरोना जैसी आपदा को अवसर में बदलने का काम किया। पीएम ने 20 लाख करोड़ रुपये के आत्मनिर्भर पैकेज की घोषणा की। इससे स्वास्थ्य के साथ ही आर्थिक गतिविधियाें को गति दी जा रही है। गरीब कल्याण पैकेज के जरिये करोड़ों जरूरतमंदों की कोरोना काल में सहायता की गई। इसीलिए विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा कि भारत ने न केवल स्वास्थ्य बल्कि आर्थिक समस्या का भी समाधान किया है। संयुक्त राष्ट्र संघ ने कहा कि गरीब कल्याण पैकेज एक ऐसा कदम है, जिसे अन्य देशों को भी अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना के सामने अमेरिका, फ्रांस, इटली व यूरोप के सभी देश असहाय दिखे। इन देशों की स्वास्थ्य सुविधाएं भारत से कहीं बेहतर हैं। अमेरिका में तो कोरोना प्रबंधन अथवा कुप्रबंधन पर डोनाल्ड ट्रंप चुनाव हार गए। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान आगे आकर देश का नेतृत्व किया। साहसिक कदम उठाते हुए लॉकडाउन का फैसला लिया और देश की 130 करोड़ जनता को बचा लिया।

पीपीई मंगाए नहीं भेजे जा रहे बाहर

उन्होंने कहा कि जिस दिन लॉकडाउन लागू हुआ था, उस दिन देश में कोरोना को जांच करने की क्षमता प्रतिदिन 1500 थी। पीएम ने लॉकडाउन के दौरान देश को इसके लिए तैयार किया। आज देश की जांच करने की क्षमता प्रतिदिन 10 से 15 लाख है। पहले वेंटीलेटर बाहर से मंगाए जा रहे थे, अब देश में बनाए जा रहे हैं। पीपीई किट भी पहले बाहर से मंगाए जाते थे, आज दूसरे देशों को भेजे जा रहे हैं। 150 देशों को दवाई भेजी गई। पीएम मोदी ने स्वास्थ्य सेवा के साथ ही गरीबों का ध्यान रखा। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज भी दिया। 1.57 लाख करोड़ रुपये इसमें खर्च किए गए। 80 करोड़ जनता को दीपावली तक राशन दिया। इस दौरान गरीबों को मुफ्त सिलिंडर देने, गरीब महिलाओं, दिव्यांगों, बजुर्गो और गरीब व विधवा महिलाओं के साथ ही किसानों के खातों में पैसे पहुंचाए गए।

आरएसएस पदाधिकारियों से मुलाकात

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संडे को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान संघ पदाधिकारियों ने संगठन से जुड़े विषयों की तरफ उनका ध्यान खींचा। साथ ही सुझाव दिया कि पार्टी संगठन में योग्य व समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा रविवार सुबह करीब नौ बजे अन्य पार्टी नेताओं के साथ तिलक रोड स्थित संघ कार्यालय में जलपान के लिए पहुंचे। उन्होंने संघ पदाधिकारियों से मुलाकात के दौरान अपने देशव्यापी प्रवास कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। संघ पदाधिकारियों ने संगठन से जुड़े विषयों पर नड्डा से अनौपचारिक चर्चा भी की।

बूथ कार्यकत्र्ताओं और पन्ना प्रमुखों से संवाद

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने प्रेमनगर कांवली मंडल के बूथ कार्यकत्र्ताओं और पन्ना प्रमुखों से संवाद के दौरान कहा कि मेरे लिए बूथ अध्यक्ष पार्टी में सबसे महत्वपूर्ण पद है। मैं बूथ अध्यक्ष को सुनने के लिए जमीन पर भी बैठने को तैयार रहता हूं। इस दौरान उन्होंने बूथ कार्यकर्ताओं व पन्ना प्रमुखों को 'बूथ जीता, चुनाव जीता' का मूलमंत्र भी दिया। उन्होंने कहा कि देश में वर्तमान दौर में लगभग सभी पार्टियां परिवारवाद से घिरी हैं। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवाद के साथ आगे बढ़ रही है। भाजपा की विचारधारा से प्रेरित होकर देश के करोड़ों लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। संडे दोपहर शास्त्रीनगर स्थित वार्ड 19 में दीनदयाल उपाध्याय सभागार में भाजपा के बूथ कार्यकत्र्ता व पन्ना प्रमुख संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रेमनगर कांवली मंडल के बूथ कार्यकत्र्ताओं और पन्ना प्रमुखों से सीधा संवाद किया।