- विधानसभा के आसपास की सभी सड़कों पर दिखा जाम

- ज्यादातर लोगों ने कहा, सड़कें चौड़ी करके खत्म होगी समस्या

देहरादून

विधानसभा सत्र शुरू होते ही एक बार फिर दून अस्त-व्यस्त हो गया। विधानसभा के आसपास की कई सड़कों पर बैरिकेड लगा दिये गये हैं। कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। इसके बावजूद लोगों को दिनभर जाम का सामना करना पड़ रहा है।

बेहाल नजर आये लोग

उत्तराखंड विधानसभा के आसपास हरिद्वार बाईपास और हरिद्वार रोड जैसी लगातार व्यस्त रहने वाली सड़कें हैं। विधान सभा सत्र शुरू होते ही हरिद्वार रोड पर शास्त्री नगर में रिस्पना के पास और हरिद्वार बाईपास पर दीपनगर के पास बैरिकेड लगा दिये जाने से यहां लगातार ट्रैफिक जाम रहा। इसके अलावा ट्रैफिक डायवर्ट किये जाने से रिंग रोड, मसूरी बाईपास, माता मंदिर रोड पर भी कई पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। इससे लोगों को भारी परेशानी हुई।

लोगों ने कहा, स्थाई समाधान हो

हर बार विधानसभा सत्र के दौरान शहर के इस तरह अस्त-व्यस्त हो जाने से दूनाइट्स काफी परेशान हैं। रिस्पना पुल के पास एक बैरिकेड लगा होता है, दूसरी तरफ इन दौरान लगातार जुलूस भी निकलते हैं। जिससे यहां से गुजरने वाले लोगों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ता है। दूनाइट्स का कहना है कि हर बार यह समस्या सामने आती है। अब इसका कोई स्थाई समाधान किया जाना चाहिए।

दूनाइट्स बोले

विधानसभा है तो सत्र भी होगा और सत्र होगा तो जलसे-जु़लूस भी होंगे। दरअसल फिलहाल जहां विधानसभा है, वह जगह विधानसभा के अनुकूल है ही नहीं। हम कब से राजधानी गैरसैंण की बात कह रहे हैं।

राजेश पंत

रिस्पना पुल दून का सबसे ज्यादा व्यस्त रहने वाला प्वॉइंट है। यहां से कभी भी निकलो जाम तो मिलेगा ही। विधानसभा सत्र के दौरान जब रिस्पना के आसपास सब जगह बैरिकेड लग जाते हैं तो हालत खराब होनी ही है। मैं तो कहता हूं हर हाल में राजधानी को गैरसैंण होना चाहिए।

इमरान राणा

विधानसभा भवन अब तक हमारी सरकार के पास है नहीं। पिछले 21 सालों से अस्थाई व्यवस्था चल रही है और यह अस्थाई व्यववस्था हर सत्र में शहर में बेहाल कर देती है। जहां तक सड़कें चौड़ी करने का सवाल है, यह संभव नहीं है। विधानसभा भवन दूसरी जगह बनना चाहिए।

हम कामकाजी लोग हैं। जब तक घर से बाहर न निकलेंगे, रोजी-रोटी नहीं चलेगी। लेकिन विधानसभा सत्र के दौरान ही नहीं बाकी दिनों में भी जाम की ऐसी ही स्थिति रहती है। सरकार को इसका कोई न कोई समाधान निकालना चाहिए। लोग कब तक परेशान होते रहेंगे।

सलीम सैफी

सोशल मीडिया पोल

विधानसभा सत्र के दौरान लगने वाले जाम का स्थाई समाधान क्या हो। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने एक पोल के जरिये दूनाइट्स से उनके विचार मांगे थे। इस पोल में इस स्थिति के स्थाई समाधान के लिए चार ऑप्शन दिये गये। सड़कें चौड़ी की जाएं, विधानसभा दूसरी जगह बने, राजधानी गैरसैंण बने और संपर्क सड़कें बढ़ाई जाएं। इस पोल में सबसे ज्यादा 44 परसेंट लोगों ने कहा सड़कें चौड़ी की जाएं। 33 परसेंट लोगों का राजधानी गैरसैंण बनाने का सही विकल्प माना। विधानसभा भवन दूसरी जगह बनाने और संपर्क सड़कें बढ़ाने के ऑप्शन को 11-11 परसेंट लोगों ने चुना।