जेएनएन, देहरादून : महंगाई व तीन किसान कानूनों के खिलाफ कांग्रेसियों ने कड़ा विरोध दर्ज किया है। सभी जिला मुख्यालयों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकालकर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। दून में पदयात्रा का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह व नेता प्रतिपक्ष डॉ। इंदिरा हृदयेश ने किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकत्र्ता दोपहर 12 बजे राजपुर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में एकत्रित हुए। यहां से पदयात्रा क्वालिटी चौक, घंटाघर, दर्शनलाल चौक होते हुए वापस राजपुर रोड होते हुए कांग्रेस मुख्यालय पहुंची। इस दौरान प्रीतम सिंह ने कार्यकत्र्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पिछले सात वर्षो से पेट्रोलियम पदार्थो के दाम बढ़ाकर जनता की गाढ़ी कमाई लूट रही है। आरोप लगाए कि हर वर्ष पेट्रोल-डीजल के नाम पर केंद्र और राज्य सरकार साढ़े चार लाख करोड़ लूट कर रही है। यूपीए सरकार के समय से आज तीन गुना अधिक दाम पर गैस सिलिंडर मिल रहा है। कहा कि आज देश में आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है। अनाज, सब्जियां, सरसों का तेल, चीनी सबकुछ आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गए हैं। अब जनता भाजपा की विदाई का मन बना चुकी है। नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने कहा कि प्रधानमंत्री को जनता की तकलीफों से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि आम गरीब आदमी आज त्राहिमाम कर रहा है। अब जनता के लिए राहत का एक मात्र रास्ता भाजपा की विदाई है।

इस दौरान पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, पूर्व विधायक रंजीत सिंह रावत, आर्येद्र शर्मा, महामंत्री विजय सारस्वत, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व विधायक राजकुमार, डॉ। जीत राम, शिल्पी अरोड़ा, गरिमा दसौनी, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा, अशोक वर्मा, सुनील कुमार, अर्जुन सोनकर, आदर्श सूद, राजेश चमोली आदि शामिल रहे।

टोल टैक्स व महंगाई के विरोध में सरकार का पुतला फूंका

देहरादून : मा‌र्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, सीटू व एसएफआई ने डोईवाला में टोल प्लाजा बनाने का कड़ा विरोध किया। कहा कि टोल प्लाजा के नाम प्रदेश सरकार आम जनता से धन उगाही करना चाहती है। शनिवार को सीटू कार्यालय से राजपुर रोड तक जुलूस निकालकर कार्यकत्र्ताओं ने इंदिरा मार्केट के सामने केंद्र व राज्य सरकार का पुतला फूंका। आरोप लगाए कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण पेट्रोलियम पदार्थो के दाम बढ़ते जा रहे हैं। कार्यकत्र्ताओं ने पेट्रोलियम पदार्थो के बढ़े हुए दाम वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन में सीपीएम के जिला सचिव राजेंद्र पुरोहित, सदस्य सचिव अनंत आकाश, सीटू के जिला महामंत्री लेखराज, एसएफआइ के प्रदेश महामंत्री हिमांशु चौहान, भगवंत पयाल, रामसिंह भंडारी, रविंद्र नौडियाल, मामचंद, रामराज पाल, शिवा दुबे, अनिल गोस्वामी, इंदेश नौटियाल शामिल रहे।