- एस्ले हॉल चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

- केंद्र सरकार पर महंगाई बढ़ाने का आरोप

देहरादून:

खाद्य पदार्थो व पेट्रोलियम उत्पादों के बढ़ते मूल्य के विरोध में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार का पुतला जलाया। कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं ने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल के साथ बिजली, पानी, सब्जी व अनाज के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। केंद्र की मोदी सरकार महंगाई पर लगाम कसने में नाकाम साबित हो रही है।

केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी

प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के आह्वान पर बुधवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं ने महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया। देहरादून में कांग्रेस के राजपुर रोड स्थित प्रदेश मुख्यालय से प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकत्र्ताओं ने दोपहर 12 बजे प्रदर्शन शुरू किया। कार्यकत्र्ता केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एस्लेहॉल चौक पहुंचे और वहां केंद्र के पुतले को आग के हवाले किया। कार्यकत्र्ताओं को संबोधित करते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा के शासन में महंगाई चरम पर है। आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है। 100 दिन में महंगाई कम करने का वायदा करने वाली मोदी सरकार ने महंगाई से देश की जनता का बुरा हाल कर दिया है। रसोई गैस सिलेंडर 700 रुपये और पेट्रोल 85 रुपये से ऊपर पहुंच गया है। प्रदेश सरकार ने उत्पाद शुल्क में नौ गुना वृद्धि कर दी है, जिसका भार आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। पुतला दहन में प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत, पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, प्रदेश सचिव सीताराम नौटियाल, पूर्व विधायक राजकुमार, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, जिलाध्यक्ष संजय किशोर, प्रभुलाल बहुगुणा, गरिमा दसौनी, संदीप चमोली, राजेश चमोली, नीनू सहगल, डॉ। प्रदीप जोशी, राजेंद्र खन्ना, सागर लांबा, अरुण शर्मा, विरेंद्र पोखरियाल आदि शामिल रहे।