देहरादून, कोरोनाकाल में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं चरमराने के आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने कांग्रेस भवन में सांकेतिक धरना दिया। महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित धरना में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने आरोप लगाए कि पूरे प्रदेश में अस्पतालों की वर्तमान स्थिति इतनी खराब है कि मौजूदा सरकार को इससे कोई लेना देना नही है। लगातार मरीजों की संख्या को बढ़ते देख बेड नहीं मिल पा रहे हैं। ऑक्सीजन व मेडिसिन का तो बुरा हाल है। वर्ष 2017 के चुनाव में प्रचंड बहुमत पाने वाली बीजेपी ने जनता के साथ विश्वासघात किया है। रुड़की में ऑक्सीजन की कमी से हुई पांच लोगों की मौत के बारे में कहा कि कांग्रेस इसकी निंदा करती है। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने बिजली, पानी के दामों में वृद्धि कर परेशानियां और बढ़ा दी हैं। इस दौरान पूर्व विधायक राजकुमार, संजय किशोर, गौरव चौधरी, कमर खान ताबी, अर्जुन सोनकर, रमेश कुमार मंगू मौजूद रहे।