- हर रोज बाहरी राज्यों के 1500 लोगों की एंट्री लिमिट फुल

- रजिस्ट्रेशन न करवाने वाले रक्षाबंधन पर नहीं आ पाएंगे दून

देहरादून

बाहरी प्रदेशों से दून लौटने वाले जिन प्रवासियों ने रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया है, वे फिलहाल एक हफ्ते तक दून में एंट्री नहीं कर पाएंगे। अगले 7 दिनों के लिए पहले से ही बैकलॉग चल रहा है। डिक्सि्ट्रक्ट एडमिनिस्ट्रेशन बाहरी राज्यों से दून आने वाले 1500 लोगों को ही पर डे एंट्री दे रहा है। इससे पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होता है। ऐसे में अगले एक सप्ताह के लिए रजिस्ट्रेशन फुल हैं और फिलहाल रजिस्ट्रेशन नहीं हो रहे।

नहीं हो पा रहे रजिस्ट्रेशन

अनलॉक-2 के आखिरी दिनों में यानी जुलाई लास्ट ने बड़ी संख्या में लोग बाहरी राज्यों से दून आने लगे तो उन पर नजर रखना कठिन हो गया था। ऐसे में डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन ने प्रतिदिन 1500 लोगों को दून में एंट्री देने की लिमिट तय की। एंट्री के लिए डीएससीएल के ऐप पर रजिस्ट्रेशन करवाना जरूरी है। इस व्यवस्था के बाद से बड़ी संख्या में लोगों को दून के एंट्री प्वॉइंट से वापस लौटना पड़ रहा है।

7 दिन तक एंट्री फुल

डीएससीएल के ऐप पर अगले 7 दिन तक के सभी रजिस्ट्रेशन फुल हो चुके हैं। यानी कि दूसरे राज्य में रहने वाला कोई व्यक्ति रक्षाबंधन पर या उसके बाद 7 अगस्त तक देहरादून आना चाहता है और उसने ऐप पर रजिस्ट्रेशन नहीं किया है तो वह दून में एंट्री नहीं कर पायेगा। 7 अगस्त के बाद के लिए फिलहाल रजिस्ट्रेशन नहीं हो पा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि लोड बढ़ जाने के कारण ऐसा हो सकता है। जल्दी ही 7 अगस्त के बाद के लिए रजिस्ट्रेशन होने लगेंगे।

रक्षाबंधन रहेगा फीका

दून में एंट्री बंद हो जाने के कारण कई लोगों का रक्षाबंधन इस बार फीका रहने वाला है। रक्षाबंधन के लिए दिल्ली आसपास के अन्य राज्यों से कई लोग देहरादून आते हैं। हालांकि कई लोग पहले रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं, लेकिन जो रजिस्ट्रेशन नहीं करवा पाये हैं, उनका त्योहार फीका रहेगा।

सैटरडे को भी लौटे लोग

रजिस्ट्रेशन और 1500 लिमिट के नियम से अनजान सैकड़ों लोग सैटरडे को भी आशारोड़ी चेकपोस्ट पहुंचे, लेकिन रजिस्ट्रेशन न होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। आशारोड़ी पहुंचे ऐसे लोगों का साफ कह दिया गया कि अब न रजिस्ट्रेशन संभव है और न ही वे सिटी में एंट्री कर पाएंगे।

अदर स्टेट का पास मान्य नहीं

आमतौर में दून आने वाले लोग अपने राज्य से देहरादून तक का पास बनाकर आ रहे हैं। लेकिन, देहरादून में एंट्री के लिए ये पास मान्य नहीं किये जा रहे हैं। चेकपोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों को साफ आदेश हैं कि दूसरे राज्यों से पास लेकर आने वालों या कोरोना नेगेटिव का सर्टिफिकेट होने के बाद भी किसी को एंट्री न दी जाए। केवल उन्हीं लोगों को एंट्री दी जाए जिन्होंने डीएससीएल के ऐप पर रजिस्ट्रेशन करवा रखा हो।

प्रवासियों को भी परेशानी

दूसरे राज्यों से लौट रहे उत्तराखंड के उन प्रवासियों को भी इस नई व्यवस्था से परेशानी हो रही है, जिन्हें देहरादून आना है। ऐसे लोगों को भी आशारोड़ी पर रोक दिया जा रहा है। दून होकर अपने घर जाने वाले ऐसे लोगों को आशारोड़ी से एंट्री करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। बताया जाता है कि राज्य के दूसरे डिक्ट्रिक्ट में ऐसी कोई शर्त नहीं हैं। अन्य एंट्री प्वॉइंट्स पर कुछ दिन के लिए आने वालों को इसी रास्ते वापसी करने के लिए कहा जा रहा है।

------

हर दिन 1500 लोगों की देहरादून में एंट्री की लिमिट लोगों की सेफ्टी के मद्देनजर तय की गई है। रक्षाबंधन के कारण फिलहाल ज्यादा लोग दून आ रहे हैं, इसलिए अगले कुछ दिन तक के लिए एंट्री की लिमिट पूरी हो चुकी है। रक्षाबंधन के बाद स्थिति सामान्य हो जाने की उम्मीद है।

गोपाल राम बिनवाल

एसडीएम सदर, देहरादून