एक्टिव केसेज में लगातार आ रही कमी से मिली राहत

संडे को 89 नये पॉजिटिव केस, 106 हुए रिकवर

देहरादून

कोविड-19 के मामले में दून में बीता हफ्ता सबसे ज्यादा राहत वाला रहा। 18 से 24 अक्टूबर के बीच इंफेक्शन रेट पिछले 15 हफ्तों में सबसे कम रहा जबकि एक्टिव केसेज 5 हफ्ते में सबसे कम रही। दून में 12 परसेंट तक पहुंच चुका इंफेक्शन रेट अब करीब 3 परसेंट है। 5 हफ्ते पहले दून में 24 सौ तक पहुंच चुके एक्टिव केसेज की संख्या अब 1087 है।

जुलाई से आई तेजी

कोविड-19 केसेज में 1ृ2 जुलाई के बाद से तेजी से बढ़ोत्तरी शुरू हुई थी और इसी के साथ इंफेक्शन रेट और एक्टिव केसेज की संख्या में बढ़ने लगी थे। 13 से 19 सितंबर के बीच स्थिति सबसे खराब रही। इस दौरान दून में एक्टिव केसेज की संख्या 24 सौ के करीब पहुंच गई। सरकारी हॉस्पिटल्स में पेशेंट के लिए जगह नहीं बची तो डिक्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन को प्राइवेट हॉस्पिटल्स को कोरोना पेशेंट्स के लिए बेड रिजर्व रखने और हर हाल में उन्हें भर्ती करने का आदेश देना पड़ा। 18 से 24 अक्टूबर के बीच पॉजिटिव केसेज में कमी आने और रिकवर होने वालों की संख्या बढ़ने के साथ एक्टिव केसेज में तेजी से कमी आई और एक्टिव केसेज की संख्या 11 सौ तक पहुंच गई। इंफेक्शन रेट भी इस दौरान 3 परसेंट तक गिर गया। हालांकि केंद्र सरकार ने इंफेक्शन रेट 1 परसेंट तक लाने के प्रयास करने के लिए कहा है।

89 नये पॉजिटिव

संडे को दून में 89 कोविड-19 पॉजिटिव केस सामने आये अब जिले में पॉजिटिव की कुल संख्या 16764 हो गयी है। 106 पेशेंट्स की रिकवरी के साथ अब दून में रिकवर होने वाले पेशेंट्स की संख्या 14957 हो गई है। विभिन्न हॉस्पिटल्स और कोरोना केयर सेंटर्स में अब 1089 एक्टिव केसेज हैं। इस बीच सैंपलिंग में भारी गिरावट आई है। संडे को सिर्फ 825 सैम्पल टेस्ट के लिए भेजे गये। जिले के विभिन्न हॉस्पिटल में कोविड-19 पेशेंट्स के लिए 205आईसीयू बैड एवलेबल हैं।

5 पेशेंट्स की डेथ

दून में संडे को विभिन्न हॉस्पिटल्स में 5 कोरोना पेशेंट्स की डेथ हो गई। 4 पेशेंट्स की डेथ एम्स ऋषिकेश और 1 की डेथ कैलाश हॉस्पिटल में हुई। दून में अब कोविड-19 से मरने वालों की संख्या 567 हो गई है। जबकि पूरे राज्य में 993 पेशेंट्स की डेथ हुई है।

राज्य में 221 नये पॉजिटिव

राज्यभर में संडे को 221 नये पॉजिटिव केस आये। पिछले हफ्ते राज्य में भी इंफेक्शन रेट में कमी दर्ज की गई। हालांकि पूरे कोरोना पीरियड की बात करें तो राज्य में इंफेक्शन रेट 6.34 परसेंट है। लेकिन 24 अक्टूबर को समाप्त हुए हफ्ते के दौरान 3.95 इंफेक्शन रेट रहा। राज्य में अब तक कुल पॉजिटिव केसेज की संख्या 60376 हो गई है। संडे को 319 पेशेंट्स की रिकवरी के साथ ही अब तक रिकवर हुए पेशेंट्स की संख्या 54488 हो गई है। अब राज्य में 4425 एक्टिव केस हैं। संडे को 8244 सैंपल टेस्ट के लिए भेजे गये। डबलिंग रेट में भी कुछ और सुधार हुआ है। अब डबलिंग रेट 90.25 दिन है।