-24 घंटे के दौरान दून में 999 कोविड पॉजिटिव केस कंफर्म हुए

-जिला प्रशासन ने अब प्राइवेट हॉस्पिटल्स में आईसीयू व ऑक्सीजन बेड खाली करवाये

देहरादून, मंडे में पॉजिटिव केसेज में आई कुछ कमी के बाद ट्यूजडे को एक बार फिर नया विस्फोट हुआ। पिछले 24 घंटे के दौरान जिले में 999 नये कोरोना पॉजिटिव केस आये। कुल मिलाकर दून में हर डेढ़ मिनट में एक पॉजिटिव केस सामने आ रहा है। हालांकि यह संख्या इस मायने में राहत देने वाली मानी जा सकती है कि 18 अप्रैल को जिले में पॉजिटिव केसेज की संख्या 1281 तक पहुंच गई थी। इस बीच सरकारी हॉस्पिटल्स में सभी बेड फुल हो जाने के बाद जिला प्रशासन में कुछ प्राइवेट हॉस्पिटल्स को कोविड पेशेंट के लिए आईसीयू और ऑक्सीजन बेड खाली करवाने के निर्देश दिये हैं।

तीन हॉस्पिटल्स में बेड रिजर्व

जिला प्रशासन ने तीन ट्यूजडे को तीन प्राइवेट हॉस्पिटल्स को आईसीयू और ऑक्सीजन बेड कोविड पेशेंट के लिए रिजर्व रखने के आदेश दिये हैं। इनमें झाझरसा स्थित सुभारती मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल, हर्बर्टपुर स्थित लेहमन हॉस्पिटल और कालसी स्थित कालंदी हॉस्पिटल शामिल हैं। सुभारती मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में 20 आईसीयू और 210 ऑक्सीजन सपोर्ट बेड कोविड पेशेंट के लिए रिजर्व रखने को कहा गया है। लेहमन हॉस्पिटल में 7 आईसीयू व 30 ऑक्सीजन सपोर्ट बेड और कालंदी हॉस्पिटल में भी 7 आईसीयू व 30 ऑक्सीजन सपोर्ट बेड रिजर्व करने के लिए कहा गया है।

एक्टिव केस 8 हजार से ज्यादा

जिले में अब एक्टिव केसेज की संख्या 8051 पहुंच गई है। हालांकि ज्यादातर लोगों को होम आईसोलेशन में रखा गया है, इसके बावजूद सभी सरकारी और प्राइवेट हॉस्पिटल्स जबरदस्त प्रेशर में हैं। 999 नये पॉजिटिव केसेज के साथ ही दून में अब कुल पॉजिटिव कोरोना पेशेंट की संख्या 42902 हो गई है। ट्यूजडे को 518 पेशेंट की रिकवरी के साथ ही अब तक 33303 पेशेंट रिकवर हो गए हैं। पॉजिटिव की संख्या रिकवर होने वाले पेशेंट की तुलना में लगातार ज्यादा रहने के कारण जिले में अब रिकवरी रेट गिरकर 77.61 परसेंट हो गया है।

12 पेशेंट की डेथ

दून में ट्यूजडे को 12 कोविड 19 पेशेंट की डेथ हो गई। एम्स ऋषिकेश में 4 पेशेंट की डेथ हुई। जबकि 4 की डेथ हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट, 3 की कैलाश हॉस्पिटल और 2 की डेथ महंत इंदिरेश हॉस्पिटल में हुई। इसके साथ ही दून में अब तक कोविड से हुई डेथ का आंकड़ा 1098 हो गया है।

राज्य में फिर नया रिकॉर्ड

उत्तराखंड में ट्यूजडे को पॉजिटिव केसेज का फिर से नया रिकॉर्ड बना। कुल 1230 पॉजिटिव केस सामने आये, जबकि 27 लोगों की डेथ हुई। हल्द्वानी के सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में सबसे ज्यादा 9 पेशेंट की डेथ हुई। राज्य में अब कुल पॉजिटिव केसेज की संख्या 1,29,205 हो गई है। ट्यूजडे को 734 पेशेंट की रिकवरी के साथ अब तक रिकवर हुए पेशेंट की संख्या 1,03,633 हो गई है। मरने वालों का आंकड़ा 1919 हो गया है, जबकि एक्टिव केसेज की संख्या बढ़कर 21014 हो गई है। राज्य में रिकवरी रेट 80.21 परसेंट गिर गया है।

हरिद्वार में मामूली इंफेक्शन

राज्य के हेल्थ डिपार्टमेंट के आंकड़ों में एक खास बात यह सामने आ रही है कि कुंभ नगरी हरिद्वार में इंफेक्शन रेट बाकी राज्य और देश की तुलना में बहुत कम है। मंडे को उत्तराखंड में इंफेक्शन रेट 8.33 परसेंट था और देश में 13 परसेंट। हरिद्वार में जहां कुंभ मेले के कारण इंफेक्शन तेजी से बढ़ने की संभावना जताई जा रही है, वहां मंडे का इंफेक्शन रेट सिर्फ 1.70 परसेंट दर्ज किया गया।