- छूट की डेट 7 दिन और बढ़ाकर ज्यादा से ज्यादा हाउस टैक्स जमा करवाने का प्रयास

- 75 करोड़ का टारगेट अब तक सिर्फ 25 करोड़ रुपये हुए जमा

75 करोड़ है निगम का टारगेट

25 करोड़ ही अब तक वसूले

50 करोड़ टैक्स वसूली बाकी

25 वर्किग डे हैं शेष

20 परसेंट छूट 7 मार्च तक

देहरादून

हाउस टैक्स का टारगेट पूरा करना अब नगर निगम के लिए मुश्किल नजर आने लगा है। हालांकि टैक्स में छूट की सीमा एक बार फिर 7 दिन के लिए बढ़ा दी गई है, लेकिन कई बार डेट बढ़ाने के बाद भी अब तक नगर निगम का उम्मीद से बहुत कम सफलता मिल पाई है।

अब तक सिर्फ 25 करोड़

नगर निगम ने इस बार हाउस टैक्स का टारगेट 75 करोड़ रुपये तय किया था। 11 महीने बीत जाने के बाद भी अब तक सिर्फ 25 करोड़ रुपये ही जमा हो पाये हैं। कई बड़े बकायेदार और सरकारी विभागों ने हाउस टैक्स जमा नहीं किया है। अब टारगेट पूरा करने के लिए मार्च का महीना ही बाकी रह गया है। 4 सनडे और 11 मार्च को शिवरात्रि व 29 मार्च को होली है। इस तरह अब नगर निगम के पास टारगेट पूरा करने के लिए सिर्फ 25 दिन बाकी रहे गये हैं और बकाया रकम 50 करोड़ रुपये है।

एक बार फिर छूट का सहारा

ज्यादा से ज्यादा लोगों को हाउस टैक्स जमा करने के लिए प्रोत्साहित करने के इरादे से नगर निगम ने एक बार फिर टैक्स जमा करने वालों को 20 परसेंट की छूट देने की घोषणा की है। अब 7 मार्च यानी अगले सैटरडे तक यह छूट जारी रहेगी। खास बात यह है कि छूट के आखिरी दिन बेशक कुछ ज्यादा लोग हाउस टैक्स जमा करवाने पहुंच जाते हैं, लेकिन बाकी दिनों काफी कम लोग पहुंचते हैं। ऐसे में निगम के अधिकारी किश्तों में छूट की डेट बढ़ाते हैं।

लॉकडाउन भी कारण

11 महीने में टारगेट का 33 परसेंट से कम हाउस टैक्स जमा होने का एक कारण कोरोना लॉकडाउन भी रहा है। पहली तिमाही पूरी तरह लॉकडाउन में गुजर गई। इस दौरान हाउस टैक्स जमा करवाने का काम भी बंद रहा। दूसरी और तीसरी तिमाही में कोविड पॉजिटिव केस आने के कारण नगर निगम मुख्यालय कई बार बंद किया गया। इसके बाद लोग कोरोना के भय से भी टैक्स जमा करवाने नहीं पहुंचे। केवल पिछले एक महीने से ही निगम में नियमित रूप से काम चल रहा है।

ऑन लाइन सुविधा नहीं

हाउस टैक्स जमा करवाने की ऑनलाइन सुविधा न मिलने से भी कई लोग टैक्स जमा नहीं कर पाये। हालांकि अरबन डेवलमेंट डायरेक्टरेट की ओर से हाउस टैक्स ऑनलाइन जमा करवाने के लिए ऐप डिजाइन किया गया है। लेकिन, अब तक यह ऐप ठीक से काम नहीं कर पाया है।

-----

टैक्स में छूट की डेट अब 7 मार्च कर दी गई है। फिलहाल उम्मीद से कम हाउस टैक्स जमा हुआ है। लेकिन, हमें उम्मीद है कि इस महीने ज्यादा से ज्यादा लोग और संस्थाएं बकाया हाउस टैक्स जमा करवाने पहुुंचेंगे।

धर्मेश पैन्यूली, टैक्स सुपरिटेंडेंट

नगर निगम, देहरादून