देहरादून (ब्यूरो)। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के धौलास में 65 वर्षीय सुभाष शर्मा व उनकी पत्नी 55 वर्षीय उन्नति शर्मा आलीशान विला में 50 वर्षीय नौकर राजकुमार थापा के साथ 2011 से रह रहे थे। दंपती मूल रूप से राजस्थान, जबकि नौकर नेपाल का निवासी बताया गया है। दंपती का इंग्लैंड में फैशन डिजाइनिंग का व्यवसाय है, जिसे अब वहां रह रहे बेटा-बेटी संभाल रहे हैं। उन्नति शर्मा वर्ष 2006 में इंग्लैंड से दून पहुंचीं और उनके पति सुभाष एक साल बाद दून आए। उन्नति ने दून के वसंत विहार एन्क्लेव में कोठी खरीदी व नौकर राजकुमार तभी से साथ रह रहा था।

पति ने दी पुलिस को सूचना
दंपती ने उत्तराखंड की पूर्व डीजीपी कंचन चौधरी से धौलास क्षेत्र में जमीन खरीदी। जब 2011 में जब विला तैयार हो गया तो वह वहां शिफ्ट हो गए। वेडनसडे सुबह लगभग 10 बजे सुभाष शर्मा ने पुलिस को फोन कर पत्नी व नौकर के लापता होने की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची व ग्रामीणों समेत विला में तलाश की तो उन्नति और राजकुमार के लहूलुहान शव रसोई के पीछे बने बगीचे में पत्तों और पॉलीथिन से ढके मिले। डबल मर्डर से पुलिस में हड़कंप मच गया। एसएसपी जन्मेजय खंडूरी के अनुसार जांच में दोनों के सिर व गले पर धारदार हथियार से प्रहार के निशान पाए गए। फोरेंसिक टीम ने मौके पर सबूत जुटाए।

पति के बयान शक के दायरे में
डबल मर्डर की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस की जांच कई एंगल पर घूम रही है। पुलिस को पति की ओर से विरोधाभासी बयान मिल रहे हैं। दरअसल, मृतका के पति सुभाष शर्मा के हावभाव और बयान से पुलिस को सबसे ज्यादा संदेह उन्हीं पर है। पुलिस की मानें तो अब तक की जांच में मामला सीधे निजी संबंध से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। बताया जा रहा है कि नौकर राजकुमार की हैसियत शर्मा दंपती के विला में किसी मालिक से कम नहीं थी। विला में सैपरेट सर्वेंट क्वार्टर बना हुआ है, लेकिन, वह शर्मा दंपती के बेडरूम के पास वाले कमरे में सोता था। पूरी डिटेल रखता था और अविवाहित बताया जा रहा है और वह मृतका के साथ उनके पति के एक वर्ष पहले से साथ में रह रहा था। इधर, एसएसपी का दावा है कि आरोपी जल्द गिरफ्त में होगा।

एसओजी व पांच टीम जांच में जुटी
फिलहाल, पुलिस की जांच जारी है। सुभाष शर्मा से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस की मानें तो वह इसमें सहयोग नहीं कर रहे। वह बार-बार बेसुध हो जा रहे और फिर एक से डेढ़ घंटे बाद बोलने की स्थिति में आ रहे। प्रेमनगर थानाध्यक्ष कुलदीप पंत के साथ एसओजी व पांच टीमों को दोहरे हत्याकांड की जांच में लगाया गया है।

सुभाष ने क्या बताया पुलिस को
-कोई शोर-शराबा सुना ही नहीं
-कोई बाहर से नहीं आया
-किसी को भी भागते हुए देखा
-दोनों शव रसोई से महज 10 फीट की दूरी पर थे
-पुलिस को शक, आखिर शर्मा को कोई आवाज सुनाई नहीं दी
-शुरुआत में सुभाष ने रोते हुए बताया पत्नी का शव नहीं देखा
-कुछ देर बाद बोला, उनकी पत्नी को बेहरमी से मारा गया

नौकर की सैलरी थी 25 हजार
नौकर राजकुमार की सैलरी 25 हजार थी। पुलिस जांच में पता चला कि नौकर की सैलरी उन्नति ने ही तय की थी। वह घर के सारे काम काज देखता था। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि भले ही उन्नति की उम्र करीब 55 साल रही हो, लेकिन वह लाइफ स्टाइल में 40-45 साल की लगती थीं।

नौकर की पहले हुई हत्या
पुलिस को शुरुआत जांच में पता कि नौकर राजकुमार की हत्या पहले हुई। उसके शव की स्थिति व अकड़ाहट को देखते हुए ऐसा कहा जा रहा है। जबकि उन्नति को बाद में मारा गया। जिस पालीथिन से शव को ढका गया था, वह शीशे की है। विला में ही आजकल शीशे का काम चल रहा था।

बच्चों को भी नहीं दी सूचना
पुलिस के मुताबिक पत्नी की मृत्यु के बाद सुभाष शर्मा ने अपने बच्चों को फोन कर सूचना तक नहीं दी। माना जा रहा कि बच्चों और दंपती के

संबंध ठीक नहीं चल रहे थे। हालांकि, एक स्थानीय ग्रामीण के पास उनके बेटे का नंबर था। इसके बाद बेटे का फोन पिता को आया।

प्रापर्टी डीलिंग भी करते हैं शर्मा

पुलिस जांच में पता चला कि सुभाष शर्मा प्रापर्टी डीलिंग भी करते हैं। आसपास उन्होंने कईं सौदे कराए। साल 2006 में जो कोठी उनकी पत्नी उन्नति ने वसंत विहार में खरीदी थी, वह भी अभी उन्हीं के नाम पर है। फिलहाल वह कोठी बंद पड़ी है।

पति ने तत्काल बुला लिया वकील
दोहरे हत्याकांड में मुख्य संदिग्ध सुभाष शर्मा से पुलिस ने पूछताछ शुरू ही की थी कि उनके वकील मौके पर पहुंच गए। इस दौरान वकील ने सुभाष की तबीयत खराब होने का हवाला देते हुए ज्यादा पूछताछ भी नहीं करने दी। यहीं से पुलिस का शक बढ़ गया।

पुलिस के सामने सवाल
-नौकर राजकुमार किसके जरिये उन्नति के संपर्क में आया।
-उन्नति व राजकुमार के बीच नजदीकी रिश्ते थे या नहीं।
-नौकर राजकुमार सर्वेंट क्वार्टर के बजाए विला के अंदर क्यों सोता था।
-सुभाष शर्मा कब विदेश में बसे थे और वह दून ही क्यों आए।
-उन्नति वर्ष 2006 में दून आ गई थी तो सुभाष एक साल बाद क्यों।
-सुभाष शर्मा की किसी से प्रापर्टी विवाद को लेकर रंजिश तो नहीं थी।
-ये लूट के कारण वारदात थी तो सुभाष को क्यों छोड़ा।

धौलास में हुए डबल मर्डर में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल, लूटपाट की आशंका दिखाई नहीं दे रही। मृतका के पति से पूछताछ जारी है। दोनों शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट थर्सडे शाम तक आएगी। उसके बाद स्पष्ट हो पाएगा कि हत्या किस समय हुई। कुछ सुराग हाथ लगे हैं, जिनका परीक्षण कराया जा रहा है।
जन्मेजय खंडूरी, एसएसपी, देहरादून