DEHRADUN: पूर्व सीएम एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत ने रविवार को मुंबई में उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी से मुलाकात की। उनके साथ राज्यसभा सदस्य प्रदीप टम्टा भी शामिल थे। दोनों नेताओं ने बलूनी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

अस्वस्थ चल रहे हैं राज्यसभा सांसद

अस्वस्थ चल रहे राज्यसभा सदस्य बलूनी पिछले तीन माह से मुंबई में उपचार करा रहे हैं। अब उनके स्वास्थ्य में सुधार है। इस बीच रविवार को पूर्व सीएम हरीश रावत और राज्यसभा सदस्य प्रदीप टम्टा बलूनी का हालचाल जानने मुंबई पहुंचे। पूर्व सीएम रावत ने कहा कि बलूनी ऊर्जावान हैं, युवा हैं और विकास की सोच रखते हैं। उन्होंने कामना की कि बलूनी शीघ्र स्वस्थ होकर राज्य के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। कहा कि राजनीति भले ही किसी धारा की हो, लेकिन सोच विकास की होनी चाहिए। उत्तराखंड से रास सदस्य टम्टा ने भी बलूनी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। रास सदस्य बलूनी ने दोनों नेताओं के प्रति आभार जताया। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्यव‌र्द्धन सिंह राठौर, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, उत्तराखंड के विधायक गोपाल रावत ने भी रविवार को मुंबई में बलूनी से भेंटकर उनकी कुशलक्षेम पूछी।