देहरादून,ब्यूरो:
वेडनसडे को पलटन बाजार स्थित जंगम शिवालय में प्राचीन टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत व सेवादल के संरक्षक कृष्णा गिरी महाराज ने शोभा यात्रा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोरोना काल के कारण बीते दो साल बाद यह शोभायात्रा आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि टपकेश्वर महादेव की शोभा यात्रा को भव्य बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा
संरक्षक कृष्णा गिरी महाराज ने बताया कि 10 साल बाद हेलीकॉप्टर से तीन जगह सहारनपुर चौक, घंटाघर और गढ़ी चौक पर पुष्प वर्षा की जाएगी। इससे पहले 2011 में शोभा यात्रा में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई थी। इसके अलावा पहली बार शोभायात्रा भी निकाली जाएगी।

11 रुद्र रूप की निकलेगी झांकी
कृष्णा गिरी महाराज ने बताया कि भगवान शिव के 11 रुद्र रूप की झांकियां भी निकाली जाएंगी। जबकि, बांके बिहारी वृंदावन, भगवान टपकेश्वर के पार्थिव शिवलिंग की झांकी के अतिरिक्त भगवान टपकेश्वर के तीन डोले दूधेश्वर, पतेश्वर व देवेश्वर मुख्य आकर्षक का केंद्र होंगे। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय सुयोग बैंड नागपुर, पंजाब बैंड, सहारनपुर, अल्ताफ बैंड अपनी मनभावक प्रस्तुति देंगे।

महाकाल उज्जैन से पहुंचेगा दल
दिगंबर भरत गिरी महाराज ने बताया कि 21वीं शोभायात्रा को और अधिक भव्य बनाने के लिए महाकाल उज्जैन की भस्म आरती में डमरू-मृदंग बजाने वाली पार्टी और महाराष्ट्र की ढोल पार्टी की धून पर भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। इस दौरान सेवादल के अध्यक्ष गोपाल कुमार गुप्ता, महासचिव महेश खंडेलवाल, कोषाध्यक्ष मुकेश गुप्ता, योगेश गुप्ता, मुकेश गुप्ता, आशीष गुप्ता, कुनाल खेमानी, राजेश अग्रवाल मौजूद रहे।

DEHRADUN@.inext.co.in