- पति की लंबी आयु के लिए भगवान शिव की महिलाओं ने की अराधना

- तीज के गीतों पर खूब थिरकीं महिलाएं, संस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

DEHRADUN: हरितालिका तीज पर महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव की अराधना कर पति की लंबी उम्र की कामना की। तीज के मौके पर कई संगठनों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। महिलाओं ने नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को हरतालिका व्रत रखा जाता है। इस दिन सुहागिनें अपने पतियों की दीर्घायु के लिए तो कन्याएं अच्छा वर पाने के लिए व्रत रखती हैं। माना जाता है कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पाने के लिए यह व्रत किया था। दून में भी हरितालिका तीज इस बार कोरोना संक्रमण के चलते घरों में ही मनाई गई। महिलाओं ने सुबह निर्जला व्रत रखकर घर में स्थित पूजास्थल पर मिट्टी का शिवलिंग बनाकर पूजा अर्चना की। बाजारों में महिलाओं व कन्याओं ने मेहंदी लगाई। दिनभर पूजा के बाद पूरी रात महिलाओं ने जागरण किया। शनिवार सुबह शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के बाद फल व मीठे से व्रत खोला जाएगा।

महिलाओं ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां

गोर्खाली महिला हरितालिका तीज उत्सव कमेटी की ओर से 15वां तीज उत्सव शुक्रवार को गढ़ी कैंट स्थित गोर्खाली सुधार सभा मे मनाया गया। कोरोना के चलते कार्यक्रम को सूक्ष्म रूप दिया गया। महिलाओं ने लोकगीत व लोकनृत्य की प्रस्तुति दी। तीज को लहर आयो बरी लै व तीज को रम्म झम्म आदि गीतों पर कमेटी की संरक्षक गोदावरी थापली, सरोज गुरूंग, सविता क्षेत्री, माया पवांर, प्रभा शाह, पूजा सुब्बा, कविता क्षेत्री, रितिका क्षेत्री ने नृत्य प्रस्तुत किए। बाल कलाकार तनीषा, अनुष्का ने भी मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी। कमेटी की अध्यक्ष कमला थापा ने बताया कि गत वर्ष सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत हरितालिका तीज मेले को राजकीय मेले का दर्ज देने की घोषणा कर चुके हैं। इस बार कोरोना के चलते किसी भी अतिथि को आमंत्रित नहीं किया गया। वहीं, गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने लोकगीतों को तीज पर्व की आत्मा बताया। इस मौके पर कमेटी के संरक्षक सूर्य विक्रम शाही, मीनू क्षेत्री, बुद्धिमान थापा, देविन शाही, ज्योति कोटिया, पूनम गुरूंग, मधु खनाल, उषा राना, विनिता क्षेत्री, आकांक्षा खड़का, संध्या थापा, सविता आदि मौजूद रहे।

गल्जवाड़ी में भी तीज की धूम

ग्राम पंचायत गल्जवाड़ी के इंदिरा नगर में महिलाओं ने व्रत रखकर हरितालिका तीज उत्साह के साथ मनाया। ग्राम प्रधान लीला शर्मा के नेतृत्व में महिलाओं ने तीज को दीज मा भाई लीन आको, तीज को लहरा आओ बरीलई, हाई मेरो फरीया झन माथी- माथी झन तता- तला, माइला जाने को खुशी मा। आदि लोकगीतों पर नृत्य किए।

बिहारी समाज की महिलाओं ने रखा व्रत

बिहारी समाज की महिलाओं ने भी निर्जला व्रत रखकर घरों में भगवान शिव की पूजा की। महासभा के सचिव चंदर झा ने बताया कि सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी आयु के लिए व्रत रखा। कोरोना के चलते घरों पर ही महिलाओं ने पूजा की। चतुर्थी पर शनिवार सुबह शिवलिंग पर जलाभषेक करने के बाद व्रत खोला जाएगा।