- संडे को होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा का स्थापना दिवस ननूरखेड़ा स्थित मुख्यालय में हुई रैतिक परेड

- कार्यक्रम के बतौर चीफ गेस्ट सीएम के प्रतिनिधि के तौर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने की शिरकत

देहरादून,

होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा के स्थापना दिवस पर आयोजित रैतिक परेड में होमगार्ड के जवानों ने अनुशासन के साथ कदमताल कर आगंतुकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बतौर चीफ गेस्ट सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के प्रतिनिधि के तौर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने शिरकत की। उन्होंने ही रैतिक परेड की सलामी ली।

6 प्लाटून शामिल

संडे को होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा का स्थापना दिवस ननूरखेड़ा स्थित मुख्यालय में मनाया गया। रैतिक परेड में कुल 6 प्लाटून शामिल हुई, जिनमें पांच सशस्त्र पुरुष और एक सशस्त्र महिला प्लाटून थीं। परेड में गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के विभिन्न जिलों से आए होमगार्ड शामिल हुए। परेड कमांडर गढ़वाल कमांडेंट गौतम कुमार, सेकेंड इन कमांड इंस्पेक्टर उत्तरकाशी चंद्रकांत बिष्ट और परेड एडजुटेंट वैतनिक प्लाटून कमांडर पौड़ी शशि बोरा ने परेड को लीड किया। वैतनिक प्लाटून कमांडर टिहरी विजयपाल सिंह ने परेड मेजर की भूमिका निभाई।

25 परसेंट रिजर्वेशन की घोषणा

परेड के बाद सीएम की घोषणाओं को कमांडेंट जनरल एवं निदेशक नागरिक सुरक्षा पुष्पक ज्योति ने पढ़ा। बताया गया कि होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा के स्थापना दिवस पर सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने होमगार्डो को कारागार के बंदी रक्षकों की भर्ती और विभाग के समूह ग के पदों में 25 परसेंट रिजर्वेशन देने की घोषणा की। इसके साथ ही हरिद्वार में नागरिक सुरक्षा इकाई का गठन और होमगार्ड के पदों में इजाफा करने का भी एलान किया।

मुख्यमंत्री प्रशंसा प्रमाण-पत्र से नवाजा

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की स्मारिका का विमोचन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने ड्यूटी पर शहीद होमगार्ड विजय तिवारी की पत्नी कांति तिवारी को 10 लाख रुपये की बीमा धनराशि व सेवापृथक होमगार्ड सुरेश चंद्र को एक लाख की सहायता राशि कल्याण कोष से प्रदान की। सुबोध उनियाल ने उत्कृष्ट कार्य के लिए होमगार्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री प्रशंसा प्रमाण-पत्र से नवाजा।