- इन वार्डो में बस शेल्टर बनाने की भी चल रही तैयारी

- शहर के सभी वार्डो में स्ट्रीट लाइट टाइमर लगेंगे

देहरादून

दो साल की चुप्पी के बाद आखिरकार नगर निगम प्रशासन ने अपने 40 नये वार्डो के डेवलपमेंट पर फोकस करना शुरू कर दिया है। कचरा उठाने की टेंडर प्रोसेज शुरू करने के बाद अब इन वार्डो में 65 हजार एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने और बस क्यू शेल्टर बनाने की तैयारी की जा रही है। पहले ये क्षेत्र ग्राम पंचायतों के अंतर्गत थे। नगर निगम चुनाव से पहले किए गए परिसीमन में इन गांवों में नगर निगम में शामिल कर दिया गया था, लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी इन वार्डो में डेवलपमेंट के नाम पर कोई काम नहीं हो सका था। यहां तक की कचरा उठाने और स्ट्रीट लाइट तक की व्यवस्था नहीं हो पाई थी।

कचरा उठाने के टेंडर जल्द

नगर निगम ने हाल ही में इन वार्डो में कचरा उठाने की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। पिछले दिनों कचरा उठाने के लिए प्री बिड मीटिंग हो चुकी है। समझा जाता है कि अब जल्दी ही इन वार्डो में डोर टू डोर कचरा उठाने का टेंडर जारी कर दिया जाएगा।

जनवरी से स्ट्रीट लाइट

नगर निगम ने नये वार्डो में 65 हजार एलईडी स्ट्रीट लगाने के लिए ईईएसएल कंपनी के साथ एमओयू किया है। जनवरी से कंपनी काम शुरू कर देगी। एमओयू की शर्त के अनुसार सभी नये वार्डो में 65 हजार एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। उल्लेखनीय है कि दैनिक जागरण आई नेक्स्ट द्वारा नये वार्डो के विकास कार्यो को लेकर चलाये गये अभियान में सबसे ज्यादा शिकायतें कचरे और स्ट्रीट लाइट के बारे में मिली थी।

बनेंगे स्मार्ट बस क्यू शेल्टर

नये वार्डो में सभी मुख्य सड़कों पर बस क्यू शेल्टर बनाने की योजना बनाई गई है। ये बस क्यू शेल्टर देहरादून स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित स्मार्ट बस क्यू शेल्टर की तर्ज पर बनाये जाएंगे। इन पर बैठने की सुविधा के साथ ही कई जरूरी जानकारियां भी होंगी। हालांकि अभी यह तय नहीं किया गया है कि कितने क्यू शेल्टर बनाये जाएंगे। इस योजना का प्रस्ताव आगामी 14 दिसंबर को होने वाली नगर निगम बोर्ड की बैठक में लाया जाएगा। बैठक में इस योजना के टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की भी मंजूरी ली जाएगी।

1000 टाइमर लगेंगे

सिटी के सभी वार्डो में स्ट्रीट लाइट ऑन-ऑफ करने के लिए नगर निगम आने वाले दिनों में एक हजार टाइमर लगाने जा रहा है। टाइमर सप्लाई के लिए 70 लाख रुपये की अनुमानित लागत के साथ टेंडर इनवाइट किये गये थे। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार इस काम के लिए मिनिमम बिड 49 लाख 50 हजार रुपये की मिली है। नगर निगम बोर्ड की बैठक में संबंधित कंपनी को टाइमर सप्लाई का टेंडर देने का प्रस्ताव रखा जा रहा है।

सिग्नल फ्री होंगे चौराहे

सिटी में लगातार बढ़ती ट्रैफिक की समस्या को देखते हुए नगर निगम सिटी के मुख्य चौराहों को सिग्नल फ्री बनाने की योजना बना रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मेयर की ओर से मिले निर्देश पर इस संबंध नगर निगम बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव लाया जा रहा है। बोर्ड की मंजूरी मिलते ही इस योजना पर तेजी से काम शुरू कर दिया जाएगा।

जल्द ही सिटी में कई नए काम देखने को मिलेंगे, नए वार्डो पर फोकस किया जा रहा है। इन वार्डो में अब कचरे और स्ट्रीट लाइट्स जैसी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। नगर निगम बोर्ड मीटिंग में इस बारे में कई प्रस्ताव लाए जा रहे हैं।

सुनील उनियाल गामा, मेयर।