- ओखलकाड़ा विकासखंड के तुषराड़ गांव में दिन दहाड़े हुई घटना

- दोस्तों के साथ घर के पास खेल रही थी नेहा

NAINITAL: ओखलकांडा ब्लाक के तुषराड़ ग्राम सभा में तेंदुए ने दिनदहाड़े सातवीं की छात्रा को मार डाला। 13 वर्षीय छात्रा की मौत से गांव में गम और दहशत का माहौल है।

गांव में दहशत का माहौल

बुधवार दिन में हृदयेश कफल्टिया की 13 वर्षीय पुत्री नेहा कफल्टिया घर के आंगन के पास ही खेत में गांव के अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी बीच अचानक नेहा पर तेंदुआ झपट पड़ा। तेंदुए के हमले से सहमे बच्चे वहां से भाग खड़े हुए। शोर होने पर खेत में कार्य कर रहे नेहा के माता-पिता और अन्य ग्रामीण भी दौड़े चले गए। सबके शोर मचाने पर तेंदुआ भाग खड़ा हुआ, मगर तब तक तेंदुए के हमले से नेहा बेदम हो चुकी थी। नेहा तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी और तुषराड़ के जूनियर हाईस्कूल पुटपुड़ी में सातवीं कक्षा में पढ़ती थी। नेहा का शरीर तेंदुए द्वारा बुरी तरह से नोचा देखते ही मां रेखा देवी बेहोश हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। विधायक राम सिंह कैड़ा ने डीएफओ को गांव में पिंजड़ा लगाने और पीडि़त परिवार को मुआवजा देने के निर्देश दिए। नैनीताल के डीएफओ टीआर बीजूलाल ने बताया कि वन विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। तेंदुए को नरभक्षी घोषित किया जाएगा।