- बुधवार को नगर निगम का एक कर्मचारी मिला था कोरोना पॉजिटिव

- एहतियातन नहीं दी गई लोगों को निगम में एंट्री, किया गया सेनेटाइजेशन

देहरादून।

नगर निगम में बीते दिन एक कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट होने के बाद निगम का गेट दूसरे दिन भी पब्लिक के लिए बंद रहा। जरूरी कामों से निगम आए लोगों को एहतियातन गेट से ही लौटा दिया गया। आज से पब्लिक निगम ऑफिस में एंटर कर सकेगी और जरूरी काम होंगे। निगम में सेफ्टी को देखते हुए मास्क वेंडिंग मशीन भी लगाई गई है। अगर किसी विजिटर के पास मास्क नहीं है तो वह 5 रुपए पे कर मास्क ले सकता है।

सिर्फ स्टाफ की हुई एंट्री

नगर निगम में कार्यरत सेनेट्री इंस्पेक्टर की मंगलवार रात कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्टाफ और पब्लिक के लिए नगर निगम को बंद कर दिया गया था। बुधवार को जरूरी काम से आए लोगों को गेट से ही लौटा दिया गया था। गुरुवार को निगम का ऑफिस तो खुला लेकिन पब्लिक एंट्री की अनुमति नहीं दी गई। केवल ऑफिस स्टाफ ही निमग में दाखिल हुआ।

आज होंगे पब्लिक के काम

नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने स्पष्ट किया हैं कि शुक्रवार को पब्लिक के लिए भी नगर निगम को खोल दिया जाएगा। लोगों को संक्रमण का खतरा न हो इसे देखते हुए यहां सेनेटाइजेशन किया गया। ऑफिस में एंट्री करने के लिए मास्क होना जरूरी है।

कैंपस में लगाई मास्क वेडिंग मशीन

नगर निगम में फेस मास्क वेंडिंग मशीन लगा दी गई है। नगर आयुक्त ने इस मशीन का उद्घाटन किया। निमग की ओर से मशीन के जरिए 5 रुपए में मास्क उपलब्ध कराया जाएगा। यह मशीन उप नगर आयुक्त के कार्यालय कक्ष के बाहर लगायी गई है। नगर आयुक्त ने ऐसी 3 और मशीनें अलग-अलग सेक्शन में लगाने के निर्देश दिए हैं।

शुक्रवार से पब्लिक के काम बहाल किए जाएंगे। एहतियातन दो दिन एंट्री क्लोज रखी गई थी। नगर निगम में आने वाला कोई भी व्यक्ति अगर मास्क पहनकर नहीं आता है तो वह वेंडिंग मशीन से 5 रुपए में मास्क प्राप्त कर सकता है।

- विनय शंकर पांडेय, नगर आयुक्त

कलेक्ट्रेट में नहीं हो पाया काम

कलेक्टेट में भी कोरोना संक्रमित पेशेंट मिलने के बाद सभी काम प्रभावित रहे। कलेक्ट्रेट परिसर का सेनेटाइजेशन किया गया। इसके चलते यहां भी लोगों की एंट्री बैन रही। इससे जरूरी काम से कलेक्ट्रेट पहुंचे लोगों को बैरंग लौटना पड़ा।