-सिटी में अब फूड वैन को मिलेगा लाइसेंस
-नए वार्ड में भी विकास कार्य पर फोकस
देहरादून।
दून में रहने वालों को बार-बार टैक्स में रिबेट देने वाले नगर निगम ने अब टाइम लिमिट न बढ़ाने का निर्णय लिया था। आने वाले दिनों में नगर निगम शहरवासियों को बेहतर साफ सफाई के अलावा शहर को दूधिया रंग की रोशनी में भी तब्दील करने की तैयारी कर रहा है।
नए वार्डो पर रहेगा फोकस
नए वार्ड में जनवरी माह से डोर-टू-डोर कूड़ा उठान भी होने लगेगा। यह बात नगर निगम मेयर सुनील उनियाल गामा ने दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर उपलब्धियां बताते हुए कहीं। उन्होंने बताया कि नगर निगम की आमदनी बढ़ाने और सिटी को स्वच्छ दून बनाने के लक्ष्य को पूरा करने में जुटे हैं।
-वेडिंग जोन के लिए 21 जगह चयनित
-घंटाघर के सौंदर्यीकरण, और उसकी बंद पड़ी सुईयों को ठीक किया गया।
-स्वच्छता रैंकिग में 124 तक की छलांग।
-ग्रामीण क्षेत्रों में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन जनवरी से।
-शहर में लगे 3000 नए पोल और 55000 स्ट्रीट लाइट
-फूड वैन के भी बनेंगे लाइसेंस
-गांधी पार्क का किया गया सौंदर्यीकरण
-रोजगार को बढ़ावा देने के लिए लगाया स्वरोजगार मेला
-65 हजार लाइटें लगाने की तैयारी
-स्वच्छता रैंकिंग में सुधार पर काम तेज
विकास कार्य के लिए पार्षद को दी धनराशि
वार्ड में विकास कार्य के लिए सभी वार्ड में 40-40 लाख पार्षदों को दिए गए थे। इसके अलावा हर वार्ड में अलग से विकास कार्य में धनराशि भी खर्च की गई। मेयर ने बताया कोरोना संक्रमण के कारण हुए लॉकडाउन के कारण कई विकास कार्य में तेजी नहीं आ सकी। वार्ड में कई विकास कार्य प्रस्तावित थे, जो नहीं हो सके।
टैक्स को लेकर नई रणनीति
मेयर ने सभी वार्ड में बिल्डिंग टैक्स पर सख्ती से कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने बताया कि नगर निगम में शामिल सभी वार्ड में रहने वाले लोगों से बिल्डिंग टैक्स वसूला जाएगा। हालांकि नए वार्ड के हाउस टैक्स को दस साल तक रियायत दी गई है, लेकिन कमर्शियल टैक्स में छूट नहीं दी जाएगी।
टैक्स जमा करने के लिए लगेंगे कैंप
नगर निगम टैक्स जमा करने के नियम में बदलाव करने के साथ हर बार छूट की समय सीमा बढ़ाये जाने के नियम में भी बदलाव कर रहा है। इस वित्तीय वर्ष बार-बार छूट की सीमा नहीं बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही ऑनलाइन टैक्स जमा करने के लिए लोगों को अवेयर करने के लिए कैंप भी लगाए जा रहे हैं।
19 की जगह 21 वेंडिंग जोन तैयार
शहर में अब तक नगर निगम की ओर से 19 वेंडिंग जोन बनाना तय था। लेकिन मेयर ने स्पष्ट किया कि अब शहर में 19 नहीं 21 वेडिंग जोन के लिए जगह चिन्हित किए गए। इन वेंडिंग जोन के जरिए 10 हजार लोगों को रोजगार से जोड़ा जाएगा। इन वेंडिंग जोन में उत्तराखंड के लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी। आंदोलनकारी और दिव्यांग के लिए इसमें अलग से कोटा होगा।
घंटाघर जगमगाया
घंटाघर के पास लगने वाले जाम से निजात के लिए मेयर ने बताया कि घंटाघर के साइज को संकरा किया गया। इसकी वॉच की सूइयों के अलावा इसमें लाइटिंग की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही शहर में 3000 पोल नगर निगम की ओर से लगाए गए है, ताकि सभी वार्ड जगमगाए।
जल्द पॉलीथिन मुक्त होगा दून
पॉलीथिन फ्री जोन बनाने के लिए नगर निगम ने प्लान तैयार किया था। इसके लिए अभियान भी चलाया। 50 किलोमीटर की मानव श्रंखला बनाकर लोगों को अवेयर किया। जिसमें 1.27 लाख लोगों ने भागीदारी कर समर्थन दिया। इस बीच कोरोना संक्रमण के चलते पॉलीथिन के खिलाफ चल रहे अभियान को तेजी नहीं मिली। बाहर से आए प्रवासियों को फूड पैकेजिंग के लिए पॉलीथिन ही माध्यम रहा।
पलटन बाजार में अतिक्रमण हटाया
नगर निगम की ओर से पलटन बाजार को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए प्रशासन का सहयोग लिया और अभियान चलाया गया। ताकि यहां पर लगने वाले जाम से मुक्ति मिले।
फूड वैन के लिए भी बनेंगे लाइसेंस
मेयर ने बताया कि कोविड के चलते बड़ी संख्या में लोग बेरोजगार हुए हैं। प्रवासियों को नौकरी छोड़कर अपने घरों के लिए लौटना पड़ा रहा है। इन परिस्थितियों को देखते हुए नगर निगम फूड वैन के लिए भी लाइसेंस जारी करेगा। आगामी बोर्ड बैठक में इसका प्रस्ताव लाया जाएगा।
चुनाव के दौरान किए गए दूनाइट्स से किए वादे को पूरा किए जाने पर काम हो रहा है। इसके साथ ही नगर निगम की आय बढ़ाने को लेकर भी तैयारी की जा रही है।
सुनील उनियाल गामा, मेयर देहरादून