देहरादून(ब्यूरो) रिस्पना नदी के किनारे 2016 के बाद किए गए निर्माण को अवैध करार देते हुए एनजीटी के निर्देश पर नगर निगम एक्शन ले रहा है। सोमवार को पहले दिन चूना भ_ा से बलबीर रोड तक नदी किनारे चिह्नित किए गए निर्माण को हटाया गया। जबकि, मंगलवार को दीपनगर बस्ती में कार्रवाई की गई। सुबह करीब नौ बजे नगर निगम और पुलिस की टीम दीपनगर बस्ती पहुंची, जेसीबी देखते ही बस्तीवासियों की भीड़ जुट गई। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर बस्तीवासियों में भ्रम की स्थिति होने के कारण समूची बस्ती के लोग टीम का विरोध करने लगे। उन्होंने नगर निगम और प्रदेश सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की। नगर निगम की टीम ने उन्हें बताया कि एनजीटी के निर्देश पर वर्ष 2016 के बाद क्षेत्र में बनाए गए 8 निर्माण ही तोड़े जाएंगे। इसके बाद भीड़ कुछ कम हुई, लेकिन तब भी बड़ी संख्या में लोग सड़क घेरकर खड़े रहे।

पुलिस ने खदेड़े हंगामा करने वाले
अतिक्रमणकारियों ने निर्माण से संबंधित दस्तावेज पुराने होने का दावा भी किया, लेकिन निगम की टीम ने स्पष्ट किया कि सभी दस्तावेजों की जांच की जा चुकी है, उसके बाद ही अवैध निर्माण पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लाठी फटकार कर विरोध करने वालों को खदेड़ा और अवैध मकानों से सामान बाहर निकाला। इस दौरान क्षेत्रवासियों की पुलिस के साथ झड़प भी हुई। हंगामा काफी देर तक चला और बड़ी संख्या में महिलाएं भी जेसीबी के आगे खड़ी हो गईं। विरोध करने वालों जेसीबी आगे बढऩे पर पथराव का प्रयास भी किया, जिस पर पुलिस ने सख्ती दिखाई और लाठियां फटकारते हुए बस्तीवासियों को किनारे धकेला। पुलिस ने बार-बार लाठियां भांजने की चेतावनी दी, जिसके बाद ध्वस्तीकरण किया जा सका।

आज बारीघाट बस्ती में ध्वस्तीकरण
आज नगर निगम की टीम का जाखन के पास बारीघाट बस्ती में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगी। यहां भी नदी किनारे 2016 के बाद निर्माण किए गए हैं। पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण ध्वस्त किए जाएंगे, लेकिन यहां कार्रवाई का भारी विरोध होने की आशंका है। राजनीतिक संरक्षण के कारण बस्तीवासी अधिकारियों पर कार्रवाई न करने को लेकर दबाव बना रहे हैं। साथ ही कुछ अतिक्रमणकारी खुले तौर पर कार्रवाई के विरोध में उग्र प्रदर्शन की धमकी दे रहे हैं। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों से भी कार्रवाई रोकने का दबाव बनाया जा रहा है। हालांकि, नगर निगम, प्रशासन और पुलिस की ओर से पुख्ता तैयारी का दावा किया जा रहा है।

dehradun@inext.co.in