- देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के विरोध में तीर्थ पुरोहितों ने किया प्रदर्शन

- देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड भंग न होने पर उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

GARHWAL: उत्तराखंड चार धाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड को भंग करने की मांग कर रहे तीर्थ पुरोहितों ने आंदोलन शुरू कर दिया है। बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में तीर्थ पुरोहितों ने काली पट्टी बांधकर पूजा की। वहीं केदारनाथ के तीर्थ पुरोहितों ने गुप्तकाशी में प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि देवस्थानम बोर्ड को भंग न किया गया तो आंदोलन उग्र किया जाएगा। गंगोत्री और यमुनोत्री के तीर्थ पुरोहितों ने कहा कि 21 जून से वे क्रमिक अनशन भी शुरू करेंगे।

तीर्थ पुरोहित कर रहे विरोध

चारों धाम में तीर्थ पुरोहित देवस्थानम बोर्ड के गठन का विरोध कर रहे हैं। शुक्रवार को ब्रहमकपाल तीर्थ पुरोहित पंचायत समिति के नेतृत्व में तीर्थ पुरोहितों ने बदरीनाथ और जोशीमठ में प्रदर्शन किया। बदरीनाथ तीर्थ पुरोहित संघ के अध्यक्ष उमेश सती ने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री देवस्थानम बोर्ड पर पुनर्विचार की बात कहते हैं, दूसरी तरफ पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज कह रहे हैं कि बोर्ड को भंग नहीं किया जाएगा। गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव दीपक सेमवाल व सह सचिव राजेश सेमवाल ने कहा कि 15 जून को गंगोत्री मंदिर परिसर व शीतकालीन पूजा स्थल मुखवा में सांकेतिक उपवास रखा जाएगा। 20 जून को राज्य सरकार की बुद्धि-शुद्धि को हवन होगा। दूसरी ओर रुद्रप्रयाग जिले के गुप्तकाशी में केदारनाथ के तीर्थ पुरोहितों ने सरकार का पुतला फूंका। केदार सभा के अध्यक्ष विनोद शुक्ला और पूर्व अध्यक्ष किशन बगवाड़ी ने कहा कि बोर्ड को भंग करने के बजाय इसका विस्तार किया जा रहा है। केदारनाथ में दूसरे दिन भी तीर्थपुरोहितों का सांकेतिक विरोध जारी रखा।