- प्रमोशन की मांग को लेकर आंदोलन पर जुटे हैं कर्मचारी

- सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन, बोले मांगें पूरी करो

देहरादून:

पदोन्नति न होने से आक्रोशित परिवहन विभाग के मिनिस्टीरियल कर्मचारियों ने शनिवार को प्रदेशभर में दो घंटे का कार्य बहिष्कार करते हुए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान देहरादून आरटीओ दफ्तर में किए गए धरना-प्रदर्शन में उत्तराखंड परिवहन विभाग मिनिस्टीरियल कर्मचारी महासंघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा ने कहा कि महासंघ वेतन या भत्तों को लेकर मांग नहीं कर रहा है। उनकी सिर्फ एक मांग है कि विभाग के नए ढांचे के संबंध में जारी शासनादेश की त्रुटि दूर की जाए। इसकी वजह से गत सवा साल से मिनिस्टीरियल कैडर की पदोन्नति रुकी हुई है।

दोपहर तक ठप रहे सारे काम

शनिवार को मिनिस्टीरियल कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के चलते आरटीओ दफ्तर में दो घंटे कामकाज ठप रहा। वाहनों का टैक्स से लेकर फिटनेस, पंजीकरण समेत लाइसेंस आदि कार्य दोपहर 12 बजे के बाद शुरू हो पाए। दफ्तर में पहुंचे लोग सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक खाली खड़े रहे। दफ्तर परिसर में कर्मचारियों ने प्रदर्शन व नारेबाजी की व गेट पर धरना देकर बैठे। महासंघ के उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा ने कहा कि प्रारंभिक चरण में सरकार को चेतावनी देने को लेकर गुरुवार को कर्मियों ने काली फीती बांधकर काम किया था, जबकि शनिवार को सुबह दो घंटे कार्य बहिष्कार किया। यदि सरकार ने शासनादेश की त्रुटि जल्द दुरुस्त नहीं की तो मिनिस्टीरियल कर्मचारी बेमियादी कार्य बहिष्कार पर चले जाएंगे। प्रदेश महामंत्री यशवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि सरकार की ओर से जून 2020 में परिवहन विभाग के नए ढांचे का शासनादेश जारी किया गया। आरोप है कि इसमें त्रुटि होने से सवा साल से परिवहन विभाग के मिनिस्टीरियल कैडर की पदोन्नति नहीं हो रही है। त्रुटि सुधार के लिए सवा साल से कर्मचारी संघ ने शासन, परिवहन मुख्यालय और विभागीय मंत्री के समक्ष गुहार लगा चुके हैं। मौजूदा वक्त में कर्मचारी वरिष्ठता अनुसार रिटायर्ड हो रहे हैं और उन्हें व उनके पीछे बाकी पदोन्नति का लाभ नहीं मिल पा रहा। प्रदेश कोषाध्यक्ष दौलत पांडे ने कहा कि इसी शासनादेश के आधार पर प्रवर्तन सिपाहियों की पदोन्नति हुई और इसी शासनादेश में त्रुटि के चलते मिनिस्टीरियल कर्मियों की पदोन्नति आरंभ नहीं हो रही। कार्य बहिष्कार में महासंघ के संगठन मंत्री गढ़वाल विनोद चमोली, शाखा अध्यक्ष देहरादून बृज मोहन, देवेंद्र सिंह रावत, मुकुल ममगई, कृष्ण किशोर, सरिता बहुगुणा, प्रीति, प्रमोद मिश्रा समेत दर्जनों मिनिस्टीरियल काíमक मौजूद रहे।