- सिखों के पांचवें गुरु अरजन देव का शहीदी पर्व कथा-कीर्तन के साथ श्रद्धापूर्वक मनाया गया

- विभिन्न जगहों पर राहगीरों को पानी और जूस के पैकेट बांटे गए

DEHRADUN: नितनेम के बाद सुखमनी साहिब का पाठ कर वैश्विक महामारी से जान गंवाने वालों की आत्मशांति को और संक्रमितों के स्वास्थ लाभ की कामना की गई। विभिन्न जगहों पर राहगीरों को पानी और जूस के पैकेट भी बांटे गए।

शबद गायन ने किया निहाल

गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा आढ़त बाजार, गुरु हरकिशन साहिब, रायपुर स्थित नानकसर, प्रेमनगर, रेसकोर्स समेत शहर के विभिन्न गुरुद्वारों में सुबह नितनेम के बाद सुखमनी साहिब का पाठ किया गया। संगत ने कोरोना महामारी के खात्मे के लिए प्रार्थना की। रायपुर स्थित गुरुद्वारा नानकसर में सुबह परिसर में छबील लगाई गई, वहीं शाम को अखंड साहिब का पाठ किया गया। हेड रागी लखविंदर सिंह लक्खा ने सुख-शांति की कामना की। गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा आढ़त बाजार में सतवंत सिंह ने सबद गायन किया। समूह संगत ने मिलकर श्री गुरु अरजन देव की वाणी, श्री सुखमनी साहिब का पाठ किया। हेड ग्रंथी शमशेर सिंह ने कहा कि गुरु अरजन देव ने पूरा जीवन मनुष्य की भलाई में बिताया।

शहीदी पर्व पर बांटा शीतल पेय

शहीदी पर्व पर रामगढि़या सभा ने पटेलनगर स्थित रामगढि़या भवन के बाहर राहगीरों को जूस व पानी की बोतल वितरित कीं। सभा के अध्यक्ष सुरजीत सिंह और सचिव सेवा सिंह मठारू ने कहा कि विभिन्न धार्मिक कार्यो में सभा इसी तरह सेवाभाव से कार्य करती आ रही है। इस मौके पर प्रधान सुरजीत सिंह, परमजीत सिंह कुंदी, गुरदीप सिंह माना, मनजीत सिंह, हरबंस सिंह, राजिंदर सिंह राजा आदि शामिल रहे। गुरु हरिराय साहिब, देहराखास में संगत ने गुरु अरजन देव का शहीदी पर्व मनाया। सहज पाठ साहिब के बाद गुरुवाणी और सबद-कीर्तन का गायन कर संगत को निहाल किया।