-एम्स की ओर से गत वर्ष शुरू किए गए संवाद हेल्प डेस्क को इस बार ज्यादा एक्टिव किया गया

देहरादून, कोविड पेशेंट्स व उनके परिजनों के बीच संवाद स्थापित करने के लिए संचालित 'संवाद हेल्प डेस्क' को और अधिक एक्टिव बनाया गया है। इसके बाद एम्स में भर्ती पेशेंट्स के परिजन सुबह 11 बजे के बाद अपने लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ले सकते हैं। यह डेस्क प्रत्येक दिवस पर 24 घंटे कार्य करेगी।

गत वर्ष 10 सितंबर को एक्टिव हुआ हेल्प डेस्क

एम्स के डायरेक्टर पद्मश्री प्रो। रविकांत के दिशा निर्देशन में संवाद हेल्प डेस्क की शुरुआत गत वर्ष 10 सितंबर 2020 को की गई थी। जिसका उद्देश्य एम्स अस्पताल में एडमिट कोविड पेशेंट्स, उनके तीमारदारों और परिजनों के बीच संवाद स्थापित करना है। भर्ती मरीज के स्वास्थ्य की संपूर्ण जानकारी उनके करीबी लोगों को पहुंचाने, के उद्देश्य से बनाई गई 'संवाद हेल्प डेस्क' कोविड महामारी के पहले चरण में गतवर्ष काफी हद तक लाभकारी रही। एम्स अस्पताल प्रशासन ने अब सुविधाओं का और बढ़ाते हुए इस हेल्प डेस्क को ज्यादा एक्टिव किया है। डीन हॉस्पिटल अफेयर्स प्रोफेसर यूबी मिश्रा ने बताया कि कोविड वार्डो में ड्यूटी देने वाले असिस्टेंट नर्सिग सुपरिटेंडेंट, नर्सिग इंचार्ज और संबंधित वार्ड के टीम लीडरों को भी संवाद ग्रुप में शामिल किया गया है। जिससे भर्ती कोविड मरीजों के परिजनों को समय पर उनके स्वास्थ्य संबंधी संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जा सके और उन्हें अपने मरीज से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी प्राप्त करने में परेशानी नहीं उठानी पड़े।

संवाद हेल्प् डेस्क का वाट्सएप नंबर

एम्स की ओर से 'संवाद हेल्प डेस्क' का वाट्सएप नंबर 7217014336 जारी किया गया है। एम्स के मुताबिक उक्त नंबर पर हर रोज सुबह 11 बजे के बाद पेशेंट्स की स्वास्थ्य की अपडेट प्राप्त की जा सकती है। डेस्क पर तैनात स्टाफ इन संदेशों को संबंधित वार्ड तक पहुंचाएंगे। वहां से मरीज के स्वास्थ्य की अपडेट वाट्सएप नंबर के जरिए सेंड किया जा सकेगा। इसके लिए मरीज के तीमारदार को हेल्पडेस्क को अपने मरीज का नाम, उम्र व उसके भर्ती होने वाले वार्ड की संपूर्ण लोकेशन वाट्सएप के जरिए भेजना होगा।

संवाद हेल्प डेस्क 24 घंटे काम करेगी

संवाद डेस्क के नोडल अधिकारी डॉ। केएस रवि ने बताया कि हेल्प डेस्क से मरीज से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए फोन करने वाले व्यक्ति को भर्ती मरीज की आवश्यक जानकारी देनी होगी। इसके बाद डेस्क के माध्यम से मरीज से जुड़े चिकित्सक से संपर्क स्थापित कर उसकी अपडेट्स पता कर मरीज के परिजनों को दे दी जाएगी। उन्होंने बताया कि संवाद हेल्प डेस्क 24 घंटे कार्य कर रही है। लोगों को चाहिए कि अपने मरीज की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए वह इस सुविधा का लाभ उठाएं।