देहरादून, ब्यूरो:
रोडवेज के अनुबंधित ढाबों में पैंसेजर से मनमाने पैसे वसूलने और हाइजीन का ध्यान न रखने को लेकर कई बार सोशल मीडिया पर भी ढाबों की मनमानी की कहानी वायरल हुई। इसके साथ ही रोडवेज के अधिकारियों को भी इस विषय में शिकायत भी की गई।


स्वस्थ होते ही एक्टिव हुए परिवहन मंत्री
परिवहन मंत्री चंदन राम दास बीते कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका उपचार दिल्ली में चला। अब वह स्वस्थ हुए। बुधवार को दिल्ली से लौटते समय वह पहले खतौली के अनुबंधित ढाबे पर रुके। दिल्ली से लौटते समय उन्होंने देहरादून-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर खतौली व देवबंद में उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा अनुबंधित ढाबों का निरीक्षण किया।

सवारियों से जानी खाने की क्वालिटी
परिवहन मंत्री ने ढाबे में बैठी सवारियों के साथ बातचीत की और खाने की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। जिस पर पैंसेजर ने खाने की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। जिस पर परिवहन मंत्री ने ढाबा संचालकों को खाने की क्वालिटी सुधारने और खाने का उचित मूल्य लेने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ढाबा संचालक को सवारियों को उचित सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

देवबंद, खतौली के तीन ढाबों का निरीक्षण
परिवहन मंत्री ने सबसे पहले खतौली स्थित उत्तराखंड रोडवेज के अनुबंधित साक्षी ढाबे में पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले ढाबे के एंट्री में रोडवेज की बस में बैठी सवारियों से बातचीत की। इसके बाद वह देवबंद के अनुबंधित ढाबे पर पहुुंचे। यहां उन्होंने ढाबे के संचालक को सवारियों को शुद्ध व पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और मूल्य सूची के अनुसार ही भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

नहीं सुधरी व्यवस्था तो होगा अनुबंध कैंसल
परिवहन मंत्री ने अनुबंधित ढाबों के संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि वह व्यवस्था को सुधारे। परिवहन मंत्री ने उन्हें चेतावनी दी कि अगर वह व्यवस्था को नहीं सुधारते हैं, तो उनका अनुबंध कैंसल कर दिया जाएगा।


लगातार आ रही शिकायत को देखते हुए ढाबों का निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही ढाबा संचालकों को भी खाने की क्वालिटी सुधारने के साथ रेट लिस्ट से ज्यादा पैसे न लिए जाने के निर्देश दिए गए है।
चंदन राम दास, परिवहन मंत्री उत्तराखंड

DEHRADUN@Inext.co.in