- 15 बड़ी सब्जी मंडियां बनाने की प्रक्रिया जल्द होगी शुरू

- लोकल वेंडर्स को जोनवाइज दिए जाएंगे परमिशन लेटर

देहरादून,

दून की सड़कों को स्ट्रीट वेंडर्स फ्री करने की कवायद एक बार फिर से शुरू की जा रही है। नगर निगम का इरादा कुछ नये वेंडिंग जोन बनाने के साथ ही सभी वार्डो में छोटे-छोटे वेंडिंग प्वॉइंट बनाने का है, ताकि लोगों को अपने आसपास किसी तय जगह पर सब्जियां और अन्य जरूरत की चीजें मिल सकें और सड़कों पर वेंडर्स के कारण आने-जाने में किसी तरह की बाधा न हो।

किया जाएगा सर्वे

नगर निगम में करीब 5 साल पहले सिटी में स्ट्रीट वेंडर्स का सर्वे करवाया था। उस समय 2700 वेंडर्स की पहचान की गई थी। उसके बाद शहर के अलग-अगल क्षेत्रों में कुछ स्मार्ट वेंडिंग जोन और कुछ छोटे वेंडिंग जोन बनाने की योजना बनाई गई थी। लेकिन, नगर निगम एक ही स्मार्ट वेंडिंग जोन 6 नंबर पुलिया पर बना पाया था। इसके अलावा लाल पुल, धर्मपुर एलआईसी बिल्डिंग, सीमापुरी, जाखन आदि क्षेत्रों में फल सब्जी वालों को जगह आवंटित की गई थी। लेकिन अब भी हजारों स्ट्रीट वेंडर्स सड़कों पर अपनी फड़-रेहड़ी लगा रहे हैं।

लोकल वेंडर्स को प्रायोरिटी

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार जल्दी ही स्ट्रीट वेंडर्स का नये सिरे से सर्वे किया जाएगा। सर्वे में चिन्हित किये गये वेंडर्स को सर्टिफिकेट दिया जाएगा। इन वेंडर्स की संख्या के आधार पर ही छोटे-बड़े वेंडिंग जोन बनाये जाएंगे। निगम के अधिकारियों के अनुसार सर्टिफिकेट देने के इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि केवल स्थानीय लोगों को ही सर्टिफिकेट और लाइसेंस दिया जाए। इसके लिए वेंडर्स से आधार कार्ड मांगा जाएगा। जिन वेंडर्स के बाहर दून से बाहर का आधार है, उन्हें सर्टिफिकेट और लाइसेंस नहीं दिया जाएगा।

ट्रैफिक जाम की समस्या

सिटी की हर मुख्य सड़क से लेकर, छोटी सड़कों और गली मोहल्लों तक में सब्जी, फल और दूसरी चीजें बेचने वाले स्ट्रीट वेंडर्स की संख्या लगातार बढ़ रही है। कोरोना लॉकडाउन में यह संख्या तेजी से बढ़ी है। अधिकारियों का मानना है कि इस दौरान नौकरियां छूट जाने के कारण कई लोगों से फड़ रेहडि़यां लगातार छोटे-मोटे काम शुरू किये हैं। इन स्ट्रीट वेंडर्स के कारण सड़कों पर जाम की समस्या खड़ी हो रही है।

22 बड़े वेंडिंग जोन की योजना

नगर निगम का इरादा सिटी के विभिन्न हिस्सों में 22 बड़े वेंडिंग जोन बनाने की है। इनमें फिलहाल 7 वेंडिंग जोन चल रहे हैं। बाकी वेंडिंग जोन विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। इनमें से कुछ वेंडिंग जोन 6 नंबर पुलिया की तर्ज पर स्मार्ट वेंडिंग जोन होंगे, जबकि अन्य सामान्य वेंडिंग जोन होंगे।

स्मार्ट शेल्टर भी बनाये जाएंगे

22 बड़े वेंडिंग जोन के अलावा नगर निगम की योजना कई छोटे-छोटे स्मार्ट शेल्टर बनाने की भी है। इस तरह के शेल्टर लगभग सभी वार्डो में बनाये जाएंगे। इनमें नये वार्ड भी शामिल हैं। निगम के अधिकारियों का कहना है कि इन वेंडिंग जोन के बन जाने के बाद सभी चिन्हित स्ट्रीट वेंडर्स को इनमें जगह अलॉट की जाएगी और किसी को भी सड़कों पर आने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

-------

नगर निगम वेंडिंग जोन बनाने पर तेजी से काम कर रहा है। हम चाहते हैं कि सभी वेंडर्स को स्थाई स्टॉल अलॉट किया जाए, ताकि किसी को सड़कों पर आने की जरूरत न हो। कुछ वेंडिंग जोन बन गये हैं, बाकी जल्दी बनाये जाएंगे।

सुनील उनियाल गामा

मेयर