देहरादून (ब्यूरो)। दुकानों के छज्जे टूट जाने के कारण बारिश और धूप से दुकानों में रखा सामान खराब हो जाता है। डिस्प्ले में लगी ड्रेसेज का कलर फेड हो जाता है और बारिश के पानी से सामान की बर्बादी भी होती है। व्यापार मंडल का कहना है कि वे इस मसले को लेकर कई बार अधिकारी और राजनेताओं से बात कर चुके है लेकिन अब तक टूटे छज्जों को बनाने की कोई कवायद शुरू नहीं हुई है।

स्मार्ट सिटी ने तोड़े छज्जे, वही बनाए
व्यापारियों की मांग है की छज्जे स्मार्ट सिटी बनाकर दे क्योंकि स्मार्ट सिटी संस्था ने तोड़े हैं तो वही बनाए। व्यापारियों का कहना है कि स्मार्ट सिटी पर विश्वास नहीं किया जा सकता, ऐसा न हो कि हम छज्जे बनायें और स्मार्ट सिटी फिर तोड़ने आ जाए। सूत्रों से यह भी पता चला है की स्मार्ट सिटी इस मसले को लेकर वितीय मदद करने के लिए इच्छुक नही है।


व्यापारी बहुत परेशान हैैं, कब होगा समाधान
सवा साल पहले छज्जे तोड़े गए थे, उसके बाद से व्यापारी हर मौसम में परेशान होते हंै। निगम के मेयर और विधायक सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं। लेकिन, काम शुरू नहीं हो रहा है। ऐसा ही रहा तो व्यापारी उग्र आंदोलन करेंगे।
पंकज मैसोन, अध्यक्ष, दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल

हमारी दुकान को छज्जा तोड़ने के दौरान बहुत नुकसान हुआ था। छज्जे के साथ-साथ सारा फ्रंट टूट गया था। हमें उम्मीद है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान होगा। ये तो व्यापारियों का शोषण है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
अमित नरूला, व्यापारी।

दुकानों के छज्जे टूट जाने के कारण दुकान में रखे सामान को काफी नुकसान हो रहा है। धूप में सामान का कलर फेड हो जाता है, वहीं सामान बिना डिस्प्ले किए बिकता भी नहीं। डिस्प्ले में माल न रखो तो ग्राहक नहीं आता।
- कमल कुकरेजा, व्यापारी।

स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के नाम पर व्यापारियों का शोषण किया जा रहा है। पिछले सवा साल से व्यापारी परेशान हैैं। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के चक्कर काटने को मजबूर हैैं। लेकिन, हमारी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। ।
- पंकज दिदान, महामंत्री, व्यापार मंडल


जनप्रतिनिधियों ने कहा
जुलाई की बोर्ड बैठक में हमारे द्वारा छज्जा पास कर दिया गया है। अब छज्जे वैध हैं। हमारा प्रयास है कि जल्द ही छज्जों का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया जाए।
- सुनील उनियाल गामा, मेयर, नगर निगम।

छज्जों का निर्माण स्मार्ट सिटी लिमिटेड के द्वारा करवाया जाए। तत्कालीन डीएम से वितीय सम्बंध में बात चल रही थी, तभी उनका तबादला हो गया। वर्तमान डीएम से मिलकर जल्द ही छज्जों का कार्य शुरू करवाया जाएगा।
- खजान दास, विधायक, राजपुर।