देहरादून ब्यूरो। सीएम धामी ने वर्चुअली कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत अब तक 60 हजार से ज्यादा कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जहां हम अपनी उपलब्धियां और सफलताएं गिना रहे हैं, वहीं दूसरी और अपने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों को भी याद कर रहे हैं। हर घर तिरंगा कार्यक्रम के प्रति लोगों में विशेषकर युवाओं में भारी उत्साह है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हमने 20 लाख घरों में तिरंगा वितरण का लक्ष्य रखा है। हर घर तिरंगा कार्यक्रम में हमें विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों की सफाई का विशेष ध्यान रखना है।

तिरंगा बनेगा जन अभियान
कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को जन अभियान बनाना है। हम आजादी की 75 वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। देश में उत्साह का वातावरण है। हर भारतीय इसमें सहयोग कर रहा है। शहरी विकास विभाग ने लगभग 5.5 लाख तिरंगे उपलब्ध करवाने का प्रयास किया है। विधायक खजान दास ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान में हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

दून में 1.70 लाख तिरंगे
मेयर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत नगर निगम द्वारा 1 लाख 70 हजार तिरंगे वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में एसडीसी फाउंडेशन अनूप नौटियाल और आरजे काव्या को भी सम्मानित किया गया।

पुलिस भी सक्रिय
घर-घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस भी अपने स्तर पर जुटी हुई है। सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों से संपर्क करके घर-घर तिरंगा अभियान चला रही है। थाना रायपुर पुलिस हर घर तिरंगा फहराने के लिए लोगों को प्रोत्साहित कर रही है। रायवाला पुलिस ने फ्लेक्सी लगाकर और सरकारी वाहन से रिहायशी आबादी में लगातार अनाउंसमेंट के माध्यम से प्रचार प्रसार किया। अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस लोगों को 13 से 15 अगस्त तक घर-घर तिरंगा फहराने के लिए लोगों के लिए प्रोत्साहित कर रही है।