DEHRADUN: सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम होरावाला में रविवार को कांग्रेस की जनसभा व सेवानिवृत्त कर्मचारी सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा सरकारों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की जनता उनके बीते कार्यकाल को याद कर रही है। उनके कार्यकाल में अनेक कल्याणकारी योजनाओं, पेंशन व सहायताओं को जिस प्रकार से प्रदेश के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए लागू किया गया वह वर्तमान सरकार के लिए चुनौती बने हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी एक बड़ी समस्या बन गए है। बेरोजगारी से युवा परेशान हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश का युवा आज बेरोजगारी से परेशान है। कांग्रेस की सरकार आने पर प्रदेश में 50 हजार पदों पर भर्ती शुरू की जाएगी। जिन पदों को भाजपा सरकार ने मृत घोषित कर दिया है उनको पुनर्जीवित कर भर्ती शीघ्र शुरू की जाएगी। स्थानीय उत्पादों और कला को प्रोत्साहित करने के लिए क्षेत्र की जनता के सुझावों के आधार पर कार्य योजना तैयार की जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि वह वर्तमान मुख्यमंत्री और आने वाले मुख्यमंत्री को भी एक प्रहरी के रूप में सदैव जनता के हित के लिए काम करने के लिए जगाते रहेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा कर्मचारी, गरीब, व्यापारी और किसानों के हितों पर कुठाराघात करने वाली सरकार है। पूंजीपतियों के हाथों की कठपुतली बताते हुए कहा कि सरकार ने जनता के हितों में चलाई जा रही सभी कल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया है। कहा कि अगले विधान सभा चुनाव के बाद जो भी कांग्रेस का मुख्यमंत्री बनेगा उस पर पुरानी सभी कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने के लिए दबाव डाला जाएगा।