कानपुर। वैलेंटाइन्स डे के मौके पर बाॅलीवुड कपल्स की लव स्टोरीज की बात हो रही है तो सबसे बात करते हैं किरण खेर व अनुपम खेर की। किरण और अनुपम की पहली मुलाकात चंडीगढ़ में हुई थी। दोनों एक ही थिएटर में काम करते थे। काम के दौरान दोनों अच्छे दोस्त बने फिर यह दोस्ती प्यार में बदल गई। किरण 1980 में काम की तलाश में मुंबई आईं। उसी दौरान उनको एक बिजनेसमैन गौतम बेरी से प्यार हो गया और दोनों ने शादी कर ली लेकिन यह शादी ज्यादा दिनों तक चल नहीं सकी। वहीं अनुपम भी अपनी वाइफ मधुमालती से अलग हो गए थे। इसके बाद किरण- अनुपम की मुलाकात कोलकाता में नादिरा बब्बर के प्ले के दौरान हुई। प्ले खत्म होने के बाद दोनों को अहसास हुआ कि उनके बीच कुछ है। अगली मुलाकात में अनुपम ने उनको प्रपोज कर दिया और 1985 में शादी कर ली।

जावेद अख्तर- शबाना आजमी

जावेद अख्तर ने एक्ट्रेस शबाना आजमी से दूसरी शादी की है। दोनों की लव स्टोरी काफी दिलचस्प है। जावेद की शबाना से मुलाकात उनके फादर के घर पर ही हुई थी। जावेद अक्सर कैफी आजमी से कविताओं के सिलसिले में मिलने जाया करते थे। इस तरह धीरे- धीरे दोनों ने एक- दूसरे से बात करना शुरू किया। यह बातचीत कब प्यार में बदल गई, किसी को पता नहीं चला। शबाना की मां ने बेशक कैफी आजमी से शादी करने के लिए अपने फादर से मिन्नतें की थीं लेकिन वह कभी नहीं चाहती थीं कि उनकी बेटी एक शादीशुदा शख्स से निकाह करे पर 1978 में जावेद के उनकी पहली वाइफ हनी ईरानी से तलाक के बाद वह इस रिश्ते के लिए राजी हो गईं। इसके छह साल बाद 1984 में शबाना और जावेद का निकाह हुआ।

जैकी श्रॉफ- आयशा श्रॉफ

एक दिन जैकी श्रॉफ सड़क किनारे खड़े थे, तभी उन्हें 13 साल की एक लड़की स्कूल यूनिफॉर्म में बस में बैठी दिखी। जैकी को उस लड़की से पहली ही नजर में प्यार हो गया। उन्होंने उससे उसका नाम पूछा और बोले कि वह एक रिकॉर्डिंग स्टोर की ओर जा रहे हैं। क्या वह उनके साथ आना पसंद करेंगी? यह लड़की कोई और नहीं बल्कि आयशा थीं। फिर क्या था, दोनों को एक- दूसरे से प्यार हो गया। लेकिन यहां प्रॉब्लम यह थी कि जैकी पहले से ही किसी के साथ रिलेशनशिप में थे। उनकी गर्लफ्रेंड अपनी पढ़ाई पूरी करने अमेरिका गई हुई थीं। इसके बाद आयशा ने जैकी की पहली गर्लफ्रेंड को लेटर लिखकर सब कुछ बता दिया। बाद में जैकी और आयशा ने शादी कर ली।

अनिल कपूर- सुनीता कपूर

अनिल और सुनीता की रोमांटिक लव स्टोरी को कम ही लोग जानते हैं। दोनों को देखकर ऐसा लगता है कि उन्होंने फैमिली की पसंद से अरेंज मैरिज की होगी लेकिन हकीकत में उनकी लव मैरिज है। बता दें कि 1980 के दशक में अनिल एक स्ट्रग्लिंग एक्टर थे और रोज ऑडिशन देने जाया करते थे। उन दिनों एक लड़की की महज झलक भर उन्हें दिखी। उस एक झलक में अनिल अपना दिल हार बैठे। वह लड़की कोई और नहीं बल्कि सुनीता थीं, जो उस वक्त एक सक्सेसफुल मॉडल थीं। उन तक पहुंचना तो दूर अनिल को उन्हें दोबारा देखने के लिए भी काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। उनके दोस्तों ने कहीं से सुनीता का फोन नंबर लाकर अनिल को दे दिया। फिर क्या था, उनकी बातचीत हुई और वे करीब आ गए।

features@inext.co.in

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk