रविदास जयंती पर सीर गोवर्धन में उमड़ा श्रद्धा का उमड़ा मेला

-पीठाधीश्वर संत निरंजन दास के हाथों ध्वजारोहण से हुई उत्सव की शुरुआत

VARANASI

संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धन में रविवार सुबह से ही उनकी जयंती का उत्सव अपने चरम पर रहा। गुरु रविदास जन्म स्थान पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट चेयरमैन व डेरा सचखंड बल्ल जालंधर पीठाधीश्वर संत निरंजन दास ने मंदिर के सामने 120 फीट ऊंचा रविदासिया ध्वज फहराया और जयघोष के बीच गुलाब की पंखुडि़यां बरस पड़ीं। भजन-कीर्तन गूंजे और दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की कतार बढ़ती चली गयी। इसके साथ सत्संग पंडाल में जुटान हुई और संत निरंजन दास समेत संत-महंत गुरु रविदास के व्यक्तित्व-कृतित्व पर प्रवचन पूरे दिन चलता रहा। इस बीच अटूट लंगर का क्रम भी देर शाम तक चला।

चार किमी में उमड़ा श्रद्धा का मेला

जन्म स्थली के चार किलोमीटर दायरे में एक से दूसरे छोर तक श्रद्धा और आस्था का मेला उमड़ा दिखायी दिया। हालांकि जयंती उत्सव का शुभारंभ शनिवार शाम संत रविदास पार्क में दीप माला सजाकर किया गया था। रात भर पंडालों से गुरु की महिमा बखानते भजन व जयकारों से चहुंदिशाएं गूंजती रहीं। रविवार सुबह हर ओर से प्रभात फेरी की कतार जुड़ी और इसमें स्वर मिलाते संत रविदास पार्क की ओर बढ़ी। वहीं दुनिया भर से सीर गोवर्धन पहुंचे लोग मंदिर में मत्था टेकने के लिए लाइन में लगे रहे। गुरु की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया और मन के भाव उनके चरणों में धर दिया। श्रद्धा भक्ति और आस्था के इस मेले में दोपहर होते होते इतनी भीड़ उमड़ पड़ी कि सीर गोवर्धन की सड़कें सकरी सी गई। दूसरी ओर सेवा का पुण्य बटोरने का बेजोड़ भाव भी देखते ही बन रहा था। पांच हजार से अधिक तय सेवादार तो कहीं इससे अधिक ऐसे भी जो अघोषित रूप से सफाई, सुरक्षा, रसोई व लंगर की कमान संभाले हुए हैं।

नमन करने की रही होड़

डेरा सच खंड बल्ल जालंधर के पीठाधीश्वर संत निरंजन दास ने सीर गोवर्धन में संत रविदास जयंती पर गुरु की महिमा का बखान किया तो दिन भर भजन कीर्तन कर गुरु को भक्तों ने नमन किया। सुबह से ही मंदिर परिसर में लंगर का दौर चला तो आस्थावानों को प्रसाद भी मंदिर परिसर में वितरित किया गया। वहीं सुबह से ही मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए वीआइपी और वीवीआईपी के आगमन का दौर चला। दोपहर में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश प्रकाश सहित भीम आर्मी चीफ चंद्र शेखर आजाद भी वाराणसी पहुंचे। यहां उन्होंने रविदास मंदिर में दर्शन पूजन किया। केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश ने कहा कि संत रविदास की 643 जयंती के अवसर पर वाराणसी में गुरु रविदास जन्म स्थान का दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। श्रद्धा के निशान के रूप में गुरु रविदास को नमन किया और उनका आशीर्वाद लिया और देश की सुख, समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की। वहीं संत रविदास जयंती पर पूर्व लोकसभाध्यक्ष मीरा कुमार ने राजघाट स्थित रविदास मंदिर में मत्था टेका।