- सड़क पर अचानक जांच से पब्लिक में मच जा रहा हड़कंप

- चौराहों पर नजर आती पुलिस, चालान के लिए दिखा रहे दम

GORAKHPUR: ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने के मामले में बढ़ा हुआ जुर्माना वसूलने के लिए शहर की सड़कों पर पुलिस उतर आई है। दिनभर चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। थानेदार और चौकी प्रभारियों को भी चालान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नए नियम लागू होने के बाद से शहर में जगह-जगह चल रहे चेकिंग अभियान में पुलिस की सक्रियता नजर आ रही है। हालत यह हो गई है कि आम तौर पर शहर के कुछ चौराहों पर पुलिस दिखती तो है। लेकिन जब से नए नियम लागू हुए हैं। तब से लगभग हर चौराहे पर पुलिस टीम नजर आ रही है। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि अभियान चलाकर चेकिंग की जा रही है। चालान काटने से ज्यादा इस बात पर जोर दिया जा रहा है कि लोग ट्रैफिक नियमों का पालन करने को लेकर जागरूक हों। अपनी सुरक्षा के लिए लोग हेलमेट पहनकर बाइक चलाएं।

फोर्स लेकर सड़कों पर उतर रहे अफसर

ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर गवर्नमेंट ने जुर्माना बढ़ा दिया है। चालान की रकम बढ़ने के बाद से इसका असर साफ नजर आने लगा है। एक तरफ जहां चेकिंग के लिए पुलिस की 'फौज' सड़कों पर उतर जा रही है। वहीं पुलिस को देखकर राहगीर हड़बड़ा जा रहे हैं। सुबह से लेकर देर शाम तक विभिन्न चौराहों पर पुलिस टीम जांच कर रही है। हालत यह हो गई है आमतौर पर जिन चौराहों पर दो-चार पुलिस कर्मचारी नजर आते थे। वहां पर बड़ी संख्या में पुलिस कर्मचारी वाहन चेकिंग करते हैं। विभिन्न चौराहों और मुख्य सड़कों पर पुलिस के बैरियर भी बनाकर रखे गए हैं। वाहन चेकिंग के दौरान कोई भाग न जाए, इसको देखते हुए जिग जैक पोजीशन में बैरियर लगाए जा रहे हैं।

चालान से ज्यादा जागरूकता पर दे रहे जोर

नए नियम लागू होने के बाद शहर के विभिन्न चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस से लेकर थानों-चौकियों की पुलिस चेकिंग कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस दौरान लोगों का चालान काटने से ज्यादा इस बात पर जोर दिया जा रहा है कि ज्यादा से ज्यादा लोग ट्रैफिक नियमों का पालन करें। पुलिस कर्मचारी लोगों को बता रहे हैं कि एक सितंबर से हर अपराध के लिए जुर्माना की रकम बढ़ा दी गई है। इसलिए सभी लोग प्रयास करें कि नियम न टूटने पाए। पब्लिक की जागरूकता के लिए ट्रैफिक पुलिस की तरफ से पंपलेट बांटे जा रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस का दावा है कि जांच का असर नजर आने लगा है। लोग नियमों का पालन करने को लेकर अवेयर हो रहे हैं।

कोट्स

ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए पुलिस जांच कर रही है। इसका खौफ भी नजर आने लगा है। पहले कम जुर्माना होने से लोगों को राहत थी। लेकिन अब तो सबको डर सताने लगा है।

समीर राय, बिजनेसमैन

पुलिस को चाहिए कि पहले जागरूकता अभियान चलाए। जांच के दौरान उन लोगों के खिलाफ ज्यादा कार्रवाई हो जो जानबूझकर नियम तोड़ते हैं। लेकिन शोहदे और मनबढ़ किस्म के लोग पुलिस को धता बताकर निकल जा रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई जरूरी है।

दिलीप कुमार, प्रोफेशनल

चेकिंग के बहाने पुलिस उत्पीड़न भी कर रही है। कुछ लोगों का गलत चालान काट दिया जा रहा है। यदि कोई गड़बड़ी हो जाए तो उसे ठीक नहीं कराया जा रहा है। ऐसे में पब्लिक को परेशानी हो रही है।

दुर्गा पांडेय, प्रोफेशनल

वर्जन

शहर में चेकिंग के साथ-साथ जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। रोजाना पुलिस टीम विभिन्न चौराहों पर चालान करती है। इस दौरान लोगों को बताया जा रहा है कि किस तरह से नियमों का पालन करके अपने रुपए बचा सकते हैं। पंपलेट का वितरण कराया जा रहा है। जल्द ही चौराहों पर होर्डिग्स लगाई जाएगी।

- आदित्य प्रकाश वर्मा, एसपी ट्रैफिक