विरोध के चलते निगम के आला अधिकारियों ने बनाई दूरी

Meerut । लोहियानगर में डंपिंग ग्राउंड को लेकर चल रहे विवाद में शनिवार को सन्नाटा पसरा रहा। सुबह सवेरे ग्रामीणों ने डंपिंग ग्राउंड में पहुंच कर कूडे़ की गाडि़यों की तलाश की लेकिन निगम की गाडि़यां नदारद रही। देर शाम तक निगम के अधिकारियों और कूड़ा गाडि़यों ने ग्राउंड से दूरी बनाए रखी।

फोर्स का अभाव

दरअसल शनिवार को नगर विकास प्रमुख सचिव मनोज सिंह शहर में थे जिस कारण से निगम के आला अधिकारियों की डयूटी प्रमुख सचिव के साथ निरीक्षण में लगी रही। प्रमुख सचिव के आगमन के कारण और दूसरी ओर प्रशासन से फोर्स न मिलने के कारण निगम के आला अधिकारियों ने डंपिंग ग्राउंड से दूरी बनाए रखी।

सोमवार से लगेगी फोर्स

निगम के आला अधिकारियों ने लोहियानगर में कूडे़ की समस्या के लिए प्रशासन से फोर्स की मांग की है। इस संबंध अभी तक फोर्स की व्यवस्था नही हो सकी है, इसलिए नगर निगम अब सोमवार तक फोर्स के इंतजार में है। इन दो दिन तक निगम का कूड़ा जस का तस शहर में पड़ा रहेगा।

सड़ रहा कूड़ा

दो दिन से डंपिंग ग्राउंड में विरोध के चलते कूड़ा ना डलने के कारण शहर का कूड़ा निगम की गाडि़यों में ही सड़ रहा है। शनिवार को प्रमुख सचिव के निरीक्षण की संभावना के चलते निगम ने सभी कूडे़ से भरी गाडि़यों को लोहियानगर सब्जी मंडी में छिपा कर खड़ी रखी गई।

प्रशासन से फोर्स की मांग की गई है। जो लोग विरोध कर रहे हैं उनके खिलाफ तहरीर दे दी गई है।

डॉ। कुंवर सेन

नगर स्वास्थ्य अधिकारी