कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। भारतीय कप्तान विराट कोहली पिता बनने जा रहे हैं। विराट की पत्नी अनुष्का शर्मा फिलहाल प्रेग्नेंट हैं। वह जनवरी में बच्चे को जन्म देंगी। इस बात की जानकारी खुद विराट ने अपने अफिशल सोशल मीडिया अकाउंट पर दी। विराट ने अनुष्का की बेबी बंप की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'जनवरी 2021 में हम दो से तीन होने जा रहे हैं।'

दिसंबर 2017 में की थी शादी
विराट और अनुष्का को सबसे पसंदीदा सेलेब्स कपल माना जाता है। दोनों पहले कई सालों तक रिलेशन में रहे, इसके बाद दिसंबर 2017 में विराट ने अनुष्का से शादी की। शादी समारोह काफी गोपनीय रखा गया था जिसमें सिर्फ चुनिंदा लोग शामिल थे। मगर भारत में वापस आकर विराट ने शानदार पार्टी दी। अब जब शादी को तीन साल होने जा रहे हैं तब विराट के घर पहला नन्हा मेहमान आने जा रहा है।

पांड्या हाल ही में बने पिता
टीम इंडिया के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या भी हाल ही में पिता बने हैं। पांड्या की पत्नी नताशा स्टैंकोविक ने पिछले महीने के आखिर में एक बेटे को जन्म दिया था। हार्दिक ने उसकी तस्वीर भी अपने फैंस के साथ साझा की थी। हालांकि अब हार्दिक के बाद टीम इंडिया के कप्तान के घर खुशियां आने वाली हैं।

Cricket News inextlive from Cricket News Desk