घटना से स्तब्ध हुए विवेक के शिक्षक, विवेक ने किया था एमबीए

फेसबुक पर यूपी पुलिस के खिलाफ किया गुस्से का इजहार

Meerut : लखनऊ में पुलिस की गोली के शिकार हुए एप्पल कंपनी के मैनेजर विवेक तिवारी ने मेरठ से एमबीए की डिग्री हासिल की थी। उन्होंने दीवान वीएस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से पढ़ाई पूर्ण की थी। उनके मारे जाने की सूचना मिलते ही कालेज के लोग शोक संतृप्त हो गए तो वहीं शिक्षको ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

टीचर ने दी प्रतिक्रिया

विवेक तिवारी ने वर्ष 2002 में एमबीए की डिग्री पूरी इंस्टीट्यूट से पूर्ण की थी। गढ़ रोड स्थित यदू होटल के पास वे कॉलेज के हॉस्टल में रहते थे। उस समय एमबीए के विभागाध्यक्ष रहे विपुल यादव (वर्तमान में हरियाणा यूनीवर्सिटी में एग्जाम कंट्रोलर) इस घटना से स्तब्ध हैं। उन्होंने इसे मर्डर बताया। फेसबुक पर भी उन्होंने लिखकर अपना रोष प्रकट किया है। विपुल बताते हैं कि विवेक सबसे होनहार छात्रों में था। क्रिकेट अच्छा खेलता था। बैट्समैन और विकेट कीपर के तौर पर वह कॉलेज की टीम में पापुलर था। हंसमुख और शांत स्वभाव के लड़के के साथ यूपी पुलिस ऐसा करेगी, उन्हें विश्वास नहीं हो रहा है। पुलिस की करतूत से पूरा परिवार सड़क पर आ गया। फेसबुक पर विवेक को साथियों ने श्रद्धांजलि दी है।

---

वेस्ट यूपी के चर्चित एनकाउंटर

4 सितंबर 2018

खरखौदा क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार 25 हजार के इनामी बदमाश शमशाद के परिजनों ने एसएसपी कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। बदमाश के परिजनों ने खरखौदा पुलिस पर शमशाद को फर्जी मुठभेड़ दिखाकर गिरफ्तार करने का आरोप लगाया।

4 फरवरी 2018

नोएडा सेक्टर 122 में हुए फर्जी एनकाउंटर में जितेंद्र को गोली मारने वाला दारोगा की गिरफ्तार हुआ है। बता दें कि बहन की सगाई से लौट रहे जिम ट्रेनर जितेंद्र को दारोगा ने गोली मारी दी।

3 अक्टूबर 2017

ग्रेटर नोएडा में मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश सुमित गुर्जर को ग्रेटर नोएडा पुलिस ने मार गिराया गया था। सुमित समेत 7 बदमाशों पर 20 सितंबर की रात डकैती के दौरान 2 लोगों की हत्या व डकैती का आरोप था।