RANCHI: मंगलवार की सुबह सात बजे से वोटिंग का दौर शुरू हो जाएगा। ठंड के इस आलम में अर्ली मॉर्निग के वोटर्स को थोड़ी मशक्कत करनी पड़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार यानी वोटिंग के दिन सुबह दस बजे तक ज्यादा ठंड महसूस होगी। इस दौरान तापमान नौ से लेकर 12 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहेगा। इसके बाद आसमान साफ होने के साथ धूप भी खिली रहेगी और ठंड भी कम हो जाएगी। इस दिन अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहेगा। वहीं 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। शॉल, स्वेटर और मफलर पहन कर वोटर्स अपने बूथ की ओर रवाना होंगे।

हटिया, कांके में होगी सिहरन

मौसम विभाग के डॉ। ए वदूद ने बताया कि रांची शहर के मुकाबले आसपास के इलाकों में ज्यादा ठंड पड़ेगी। खासकर हटिया, कांके में सुबह के वक्त सिहरन महसूस की जा सकती है। रूरल एरिया में तापमान काफी कम हो सकता है, इस कारण वहां के वोटर्स रांची शहर के मुकाबले ज्यादा ठंड महसूस करेंगे।

मतदाता जागरुकता अभियान

करण कॉमर्स एकेडमी के स्टूडेंट्स ने सोमवार को जगदीश सिंह जग्गू के नेतृत्व में रातू रोड के कई इलाकों में मतदाता जागरुकता अभियान चलाया। इसमें गोस्सनर कॉलेज के प्रो। विश्वनाथ प्रसाद, मारवाड़ी सहायक समिति के अध्यक्ष ललित पोद्दार भी शामिल हुए। जगदीश सिंह जग्गू ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती, देश और अपने सपनों का झारखंड बनाने के लिए सभी लोगों को अपने मताधिकार का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए।

समाहरणालय परिसर में छाई रही वीरानी

लोकतंत्र के महापर्व यानी चुनाव का असर सोमवार को जिला समाहरणालय परिसर में साफ दिखा। दिन भर परिसर में वीरानी छाई रही। गाहे-बगाहे एक दो व्यक्ति दर्शन तो हुए, मगर कार्यालयों में सन्नाटा पसरा रहा। समाहरणालय के विभिन्न कार्यालयों व शाखाओं के कर्मियों व अधिकारियों में से अधिकांश विधान सभा चुनाव कार्य में प्रतिनियुक्त है। चूंकि मंगलवार को मतदान होना है, इसलिए काफी कर्मी व अधिकारी मतदान कर्मियों को उनके गंतव्य तक भिजवाने की जिम्मेवारी भी निभाने में व्यस्त थे। समाहरणालय परिसर में पसरी वीरानी का आलम यह था कि आम दिनों में गुलजार रहने वाला जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के समक्ष का चर्चित बरगद के पेड़ के नीचे का चबूतरा भी खाली पड़ा था। यहां न तो कोई व्यक्ति बैठा था और न ही यहां-वहां आम दिनों की तरह गपबाजी का सिलसिला चल रहा था। अब विधान सभा चुनाव के बाद ही एक बार फिर यह परिसर लोगों व कर्मियों की आवाजाही से गुलजार होगा और पहले की तरह यहां जीवंतता आएगी।