- हर वार्ड में वोटिंग के लिए लगाए जाएंगे कैंप

- सोमवार से शुरू होगी दस मोबाइल वैन

- एसएमएस सुविधा भी शुरू की जाएगी

Meerut । स्मार्ट सिटी के लिए शहर को जागरुक करने और वोटिंग कराने के लिए हर वार्ड में मोबाइल वैन जाएगी। इसके लिए नगर निगम ने दस मोबाइल वैन तैयार की है। सोमवार से इसको शुरू कर दिया जाएगा। वहीं प्रत्येक वार्ड में वोटिंग के लिए कैंप भी लगाए जाएंगे। जिससे अधिक से अधिक वोटिंग हो सके। नगर निगम ने इसके लिए व्हाट्सएप नंबर भी शुरू किया है। जिससे लोग स्मार्ट सिटी के लिए अपनी राय दे सकें।

सुविधाओं से लैस होगी वैन

वोटिंग के लिए वार्डो में जाने वाली मोबाइल वैन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। वैन में आईटी विभाग का एक व्यक्ति होगा। वह लोगों को वोटिंग करने के बारे बताएगा। इसके अलावा वैन में इंटरनेट की सुविधा भी होगी।

हर वार्ड में कैंप लगाए जाएंगे।

लोगों की जानकारी के लिए हर वार्ड में कैंप का आयोजन किया जाएगा। कैंप में पंफलेट के माध्यम से लोगों को बताया जाएगा कि स्मार्ट सिटी क्या है और इसके लिए वोटिंग कैसे करनी होगी।

जरूरत के हिसाब से बनेगी रिपोर्ट

कंसल्टेंट कंपनी की सोशल एक्सपर्ट डॉ। रेखा बने मिस्त्री शनिवार को मेरठ पहुंची। सोमवार तक रेखा बेन लोगों के बीच जाएंगी और उनकी जरूरतों को जानेंगी। उसी हिसाब से रिपोर्ट को तैयार किया जाएगा।

जीवन स्तर बढ़ेगा

डॉ। रेखा बेन मिस्त्री ने बताया कि यदि स्मार्ट सिटी बनेगा तो लोगों का जीवन स्तर बढ़ेगा। लेकिन इसके लिए सभी को सहयोग करना होगा।

यूथ और महिला पर रहेगा फोकस

उन्होंने बताया कि यूथ की जरूरत क्या है, नौकरी की क्या स्थिति है, शिक्षा कैसी, स्लम एरिया में महिला शिक्षित है, उनके पास कोई रोजगार है क्या, पानी, सड़क, चिकित्सा, जाम, आदि चीजों के बारे में लोगों से मिलने के बाद जानकारी हासिल की जाएगी।

स्मार्ट सिटी के लिए कंसल्टेंट कंपनी तेजी से काम कर रही है। वोटिंग भी शुरू हो गई है। अब तक करीब तीन हजार लोगों ने वोट किया है।

डीकेएस कुशवाहा, नगर आयुक्त

लोगों का सहयोग मिल रहा है। वोटिंग भी हो रही है। इसके लिए मोबाइल वैन व कैंप लगाए जाएंगे। एसएमएस सेवा भी सोमवार को शुरू कर दी जाएगी। स्मार्ट सिटी के लिए प्रचार प्रसार भी शुरू हो गया है।

हरिकांत अहलूवालिया महापौर