RANCHI: राजधानी को साफ और स्वच्छ बनाने के लिए रांची नगर निगम दिन-रात एक किए हुए है। डोर टू डोर कलेक्शन के तहत कचरा उठाया जा रहा है। वहीं स्मार्ट डस्टबिन भी लगाए जा रहे हैं ताकि लोग जहां-तहां कचरा न फेंकें। इसके बावजूद पब्लिक डस्टबिन के बाहर कचरा डाल रही है, जिससे भले ही अपना घर साफ हो रहा है लेकिन सिटी को गंदा करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।

दो कदम चलना नहीं चाहते लोग

नगर निगम सिटी में रोड किनारे स्टील के डस्टबिन लगा रहा है, जिसमें कचरा डालने के लिए लोगों को कवर भी नहीं खोलना है। कचरा डालते ही कवर अपने आप खुलता है फिर बंद हो जाता है। लेकिन लोग दो कदम भी नहीं चलना चाहते। ऐसे में वे बाहर ही कचरा फेंककर चले जा रहे हैं। इससे सफाई के बाद भी कचरा रोड किनारे नजर आ रहा है।

डोर टू डोर कलेक्शन के बाद कचरा

नगर निगम ने सफाई के लिए डोर टू डोर कलेक्शन का प्लान बनाया है। इसके तहत वार्डो में गाडि़यां घूम-घूमकर घरों से वेस्ट कलेक्ट कर रही है। वहीं दुकानों का भी कचरा रात से सुबह तक उठा लिया जाता है। इसके बाद कचरा डालने के लिए ही डस्टबिन लगाए गए हैं। लेकिन लोग न तो निगम की गाड़ी को कचरा देते हैं और न डस्टबिन में कचरा डालते हैं। कई इलाकों में तो लोग अपनी दुकान और घर के सामने ही कचरा फेंक देते हैं। यह कचरा फैलकर आसपास को भी गंदा कर रहा है।

सफाई में पब्लिक को करना होगा सपोर्ट

नगर निगम सिटी की सफाई के लिए 4.5 करोड़ रुपए खर्च करता है, जिसमें गाडि़यों के खर्च के अलावा स्टाफ्स का पेमेंट भी शामिल है। वहीं नालियों की सफाई भी इसमें शामिल है। नगर निगम सफाई के लिए इतना खर्च कर रहा है। लेकिन पब्लिक इस काम में नगर निगम को सिटी की पब्लिक सपोर्ट नहीं कर रही है। अब सिटी की सफाई में पब्लिक से सपोर्ट करने की अपील नगर निगम के अधिकारी कर रहे हैं ताकि शहर साफ हो। वहीं लोग अपनी आदत बदल डालें तो शहर में गंदगी नहीं दिखेगी।

पब्लिक को अपनी आदत बदलनी होगी। सफाई के बाद जो लोग दुकान और घर की सफाई करते हैं। वे कम से कम डस्टबिन में कचरा डाल दें। इससे हमारे स्टाफ डस्टबिन से कचरा लेकर चले जाएंगे। वहीं रोड पर गंदगी भी नहीं देखने को मिलेगी।

-मनोज कुमार, नगर आयुक्त, आरएमसी