- सूबे के खिलाडि़यों से जल्द मांगे जाएंगे आवेदन

- कई विभागों में राजपत्रित पदों पर होगी भर्ती, खेल विभाग ने तैयार किया ब्योरा

फैक्ट मीटर

- 11 विभाग अब तक नौकरी के लिए चिन्हित किए गए।

- 02 फीसद हर विभाग में खेल कोटे पर होनी है भर्ती

- 50 राजपत्रित अधिकारियों के पद चिन्हित

LUCKNOW :

प्रदेश के विभिन्न विभागों में खिलाडि़यों को नौकरी देने की तस्वीर साफ हो गई है। खेल कोटे में खिलाडि़यों की भर्ती जल्द किए जाने को लेकर सभी विभागों में इस समय हड़कंप मचा हुआ है। एक तरफ जहां कई विभागों में खिलाडि़यों को राजपत्रित पद पर भर्ती करने की तैयारी है, वहीं लिपिक संवर्ग पर भी उन्हें तैनाती दी जाएगी। सीएम की घोषणा के बाद सभी विभागों से खेल कोटे के लिए निर्धारित पदों की जानकारी मांगी गई है। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि वे अपने यहां कम से कम दो प्रतिशत कोटा निर्धारित करें।

अंतिम फैसला संबंधित विभाग का

खेल विभाग के अधिकारियों के अनुसार खेल कोटे की भर्तियों के लिए खेल निदेशालय की देखरेख एक भर्ती प्रकोष्ठ बनाने की तैयारी है। विभाग अपने यहां होने वाली भर्ती का ब्यौरा यहां भेज देंगे और पद के लिए संबंधित अर्हता को ब्यौरा भी देंगे। उसके बाद खिलाडि़यों को वहां भेजा जाएगा। अंतिम फैसला विभाग को लेना होगा। खेल विभाग को यह पता रहता है कि कौन सा खिलाड़ी किस स्तर तक खेला है और खेल के दौरान उस पर कोई आरोप नहीं लगे हैं। साथ ही आसानी से उसके प्रमाण पत्रों की जांच भी हो सकेगी। इससे प्रदेश में खेल कोटे की भर्ती के लिए एक केंद्रीय व्यवस्था शुरू हो सकेगी।

प्राइवेट कंपनियों से भी हो रही बात

विभागीय अधिकारियों के अनुसार राजपत्रित पदों पर भर्ती के लिए जहां गाइड लाइन तैयार कर ली गई है वहीं राज्य स्तरीय, नेशनल और ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी लेवल पर प्रदर्शन करने वाले खिलाडि़यों के लिए गाइड लाइन तैयार किया जाना बाकी है। खेल की दुनिया में लगातार कंप्टीशन बढ़ रहा है, ऐसे में कई जगहों पर नियमों में बदलाव करने की भी तैयारी है। विभागीय अधिकारियों ने कई प्राइवेट कंपनियों से भी खिलाडि़यों की भर्ती के लिए बात की है। उनके यहां से भी प्रस्ताव मांगे गए हैं।

कोट

अब तक 11 विभाग चिन्हित किए गए हैं। जहां खेल कोटे के खाली पदों की तस्वीर साफ हो गई है। सरकार के अन्य महकमों से बात कर वहां पर भी दो प्रतिशत कोटे पर खिलाडि़यों की भर्ती किए जाने की तैयारी की जा रही है। इस मामले में मुख्य सचिव से बात हो चुकी है। सीएम की घोषणा के अनुसार अगले सप्ताह से पदों पर भर्ती शुरू हो सकती है।

- चेतन चौहान, खेल मंत्री

विभाग राजपत्रित पदों के लिए उपलब्ध पद

ग्राम्य विकास- 4 पद- खंड विकास अधिकारी

नगर विकास - 7 पद क्रीड़ाधिकारी, 7 पद सहायक क्रीड़ाधिकारी

माध्यमिक शिक्षा विभाग- 1 पद बेसिक शिक्षा अधिकारी, 2 पद सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक

गृह विभाग- 7 पद पुलिस उप अधीक्षक

पंचायती राज विभाग- 2 पद जिला पंचायत राज अधिकारी

खेल विभाग- 9 पद क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी

ऊर्जा विभाग- 1 पद क्रीड़ाधिकारी, 1 सहायक जन संपर्क अधिकारी

युवा कल्याण विभाग- दो पद जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी

परिवहन विभाग- दो पद यात्री माल कर अधिकारी

वन विभाग- दो पद क्षेत्रीय वन अधिकारी

राजस्व विभाग- दो पद नायब तहसीलदार

हर साल 244 पदों पर भर्ती

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सभी सरकारी निगमों और उपक्रमों में हर साल 244 पदों पर भर्ती होगी। इसमें विभागों के लिपिक से लेकर फील्ड तक के पद शामिल हैं

बॉक्स

विभागों से मांगा जा रहा ब्यौरा

खेल विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रदेश के सभी विभागों और निगमों से ब्यौरा मांगा गया है कि उनके यहां अंतिम समय खेल कोटे की भर्तियां कब हुई थीं। खेल कोटे के कितने पद उनके यहां खाली पड़े हैं। राजपत्रित अधिकारियों के अतिरिक्त विभिन्न विभागों में लिपिक के पदों पर भी इनकी भर्ती होगी। खेल विभाग के अनुसार इस बात की तैयारी भी हो रही है कि सभी विभागों में भर्तियों की जिम्मेदारी भी खेल विभाग को दी जाए। खिलाड़ी और सर्टिफिकेट की जांच वहां पर आसानी से हो सकती है।