-यह जानकारी देने के लिए डोर-टू-डोर पहुंच रहे स्वच्छता मित्र

-घरों से किस तरह का निकल रहा कूड़ा, इसका भी कर रहे सर्वे

-सर्वे के बाद लोगों को उनके कूड़े के उपयोग की दी जाएगी जानकारी

VARANASI

आपके घर से निकलने वाले कूड़े को अगर ठीक से रखा जाए और इसकी प्रोसेसिंग सही तरीके से करें तो ये आपको फायदा भी दिलायेगा। मतलब कि घरों से निकलने वाला कूड़ा भी कीमती है। कुछ इसी तरह की जानकारी देने और लोगों से उनके घरों से निकलने वाले कूड़े के बारे में जानकारी के लिए डोर-टू-डोर स्वच्छता मित्र पहुंच रहे हैं।

एसएलआरएम करा रही सर्वे

नगर निगम और एसएलआरएम संस्था की ओर से शहर में 90 वॉ‌र्ड्स में सर्वे कराया जा रहा है। इसके लिए पांच सौ वालेंटियर्स का चयन किया गया है। सर्वे पूरा होने के बाद संस्था की ओर से लोगों को उनके कूड़े की कीमत और उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी।

आपके घर में क्या हैं सुविधाएं

स्वच्छता मित्र घरों में पहुंचकर एक दर्जन पॉइंट्स पर जानकारियां ले रहे हैं। इसमें घर के मेंबर्स की संख्या से लेकर इस्तेमाल होने वाली चीजों के बारे में जानकारी कलेक्ट की जा रही है। लोग घरों में किसी तरह का खाना बनाते हैं और किस तरह का रहन-सहन है। इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। मेनली शहर में किस तरह का वेस्ट सबसे ज्यादा निकलता है। इसकी जानकारी की जा रही है। एसएलआरएम संस्था के हेड श्रीनिवासन की देखरेख में चल रहे सर्वे के लिए हर वॉर्ड के सेनेटरी इंसपेक्टर को इसका चार्ज दिया गया है।

इन पॉइंट्स पर ले रहे जानकारी

- एक मकान में रहने वाले सदस्यों की संख्या।

-मकान कितने मंजिल का बना है।

-परिवार झोपड़ी में रहता है या टीन शेड में।

-एक घर में किस उम्र के कितने बच्चे हैं।

-मच्छर को भगाने के लिए क्या इस्तेमाल करते हैं।

-टॉयलेट साफ करने के लिए क्या उपयोग होता है।

- लोग खाने में क्या खाते हैं, शाकाहारी या मांसाहारी या दोनों।

-कूड़े को रखने के लिए किस तरह के पात्र का इस्तेमाल होता है।

-घर में चूहा है या नहीं।

- किसी तरह के जानवर का पालन होता है या नहीं।

डोर-टू-डोर हो रहे सर्वे के लिए दस दिन का वक्त तय किया गया है। सर्वे पूरा होने के बाद वेस्ट मैनेजमेंट के लिए प्लान तैयार किया जाएगा।

बीके द्विवेदी, अपर नगर आयुक्त