JAMSHEDPUR: गर्मी की अभी ठीक से शुरुआत भी नहीं हुई है और मानगो में लोगों की प्यास नहीं मिट रही है। इलाके में दिन भर में महज 15 मिनट ही सप्लाई हो रही है। मानगो जलापूर्ति ट्रीटमेंट प्लांट का एक पंप जल गया है। पंप जल जाने से मानगो जलापूर्ति के प्लांट में कम पानी जमा हो पा रहा है। इस वजह से मानगो की टंकियों में पानी नहीं चढ़ पा रहा। इसी वजह से मानगो में जल संकट शुरू हो गया है।

जगह-जगह भटक रहे लोग

मानगो जलापूर्ति योजना के पंप खराब हैं। गर्मी में हर साल ये पंप खराब हो जाते हैं। इस साल भी गर्मी की शुरुआत में ही पंप जल गया है। इस वजह से मानगो के जवाहरनगर, जाकिर नगर, ओल्ड पुरुलिया रोड, कुमरुम बस्ती, आजाद बस्ती, मुंशी मोहल्ला, सर्वोदय पथ, डिमना रोड आदि इलाके में सुबह 10 से 15 मिनट ही पानी की आपूर्ति हो पा रही है। जिन घरों में मोटर है वहां तो ठीक है। लेकिन, कई लोगों ने जल कनेक्शन लेने के बाद मोटर हटा दी हैं। कई लोगों ने मोटर खराब होने पर ठीक नहीं कराई। अब इन लोगों को पानी के लिए जगह-जगह भटकना पड़ रहा है।

लोगों में नाराजगी

जलापूर्ति योजना का खराब हुआ पंप आज बनाया जाएगा। ये पंप कई दिनों से खराब है। लेकिन, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने अब तक पंप ठीक कराने का प्रयास नहीं किया है। पंप खराब होने से लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को पंप की मरम्मत का काम ढंग से कराना चाहिए था।

नहीं निकला मसले का हल

प्रदेश के खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री सरयू राय ने पिछले साल मानगो जलापूर्ति प्लांट का औचक निरीक्षण किया था। यहां काफी खामी नजर आई थीं। इसके बाद मंत्री ने रांची में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव के साथ बैठक की थी। लेकिन, इसके बाद भी मसले का हल नहीं निकल सका।