- मंडी प्रशासन ने मंगवाया छह वाटर कूलर

- फल-सब्जी, गल्ला और मछली मंडी में लगाए जाएंगे वाटर कूलर

GORAKHPUR: महेवा मंडी में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था दिनों से ध्वस्त हो चुकी थी। इसे देखते हुए मंडी प्रशासन ने छह वॉटर कूलर लगवाने का फैसला लिया है। विद्युत यांत्रिक मंडी परिषद की ओर से कूलर मिल चुके हैं। इसे फल-सब्जी, नवीन गल्ला और मछली मंडी में लगाया जाएगा। वहीं ध्वस्त वाटर सप्लाई का काम भी चालू कर दिया गया है। गर्मी में व्यापारियों को ठंडा पानी पीने को मिलेगा।

नहीं दौड़ना होगा इधर-उधर

पूर्वाचल की सबसे बड़ी मंडी कहीं जाने वाली महेवा मंडी में शुद्ध पेय जल की व्यवस्था न होने से व्यापारी काफी नाराज थे। नाराजगी का आलम यह रहा कि वह इस संबंध में मंडी प्रशासन से शिकायत भी कर चुके थे लेकिन इस शिकायत का असर भी उनके ऊपर नहीं पड़ रहा था। मंडी परिषद के उप निदेशक प्रशासन विपणन राजीव श्रीवास्तव के निरीक्षण में शुद्ध पेय जल की सुदृढ़ व्यवस्था न होने पर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने तत्काल मंडी समिति को पत्र जारी करते हुए पेय जल की व्यवस्था ठीक करने का आदेश दिया। आदेश के बाद मंडी सचिव ने विद्युत यांत्रिक मंडी परिषद को पत्र भेजकर छह वॉटर कूलर का डिमांड किया था। हालांकि मंडी को छह वाटर कूलर मिल चुके हैं। अब मंडी के कारोबारियों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।

मंडी को वॉटर कूलर मिल चुका है। पाइप लाइन सप्लाई का काम शुरू हो चुका है। काम खत्म होने के बाद वाटर कूलर लगा दिए जाएंगे।

सुभाष यादव, सचिव मंडी समिति