RANCHI: गर्मी शहर में दस्तक देने वाली है। ऐसे में पानी की समस्या को लेकर चारों ओर लोग परेशान हैं। ऐसे में उन्हें चिंता सता रही है कि इस गर्मी उन्हें पानी कैसे मिलेगा। लेकिन अब लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। चूंकि पूरे शहर को पानी उपलब्ध कराने की जिम्मेवारी राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार ने उठाई है। इसके लिए उन्होंने रांची नगर निगम को अपने फंड से 13 लाख उपलब्ध कराए हैं ताकि नगर निगम टैंकर की खरीदारी कर सके। वहीं नगर निगम ने इसके लिए टेंडर की तैयारी कर ली है। टेंडर फाइनल होते ही टैंकरों की खरीदारी कर ली जाएगी।

टैंकर खरीदारी में बड़ी मदद

गर्मी में पानी की सप्लाई नहीं होने की स्थिति में रांची नगर निगम वार्डो में टैंकर से पानी की सप्लाई करता है। लेकिन नगर निगम के आधे से अधिक टैंकर खराब हो चुके हैं। वहीं कुछ की स्थिति बस काम चलाने भर रह गई है। इसके लिए नगर निगम नए पानी के टैंकर खरीदने की योजना बना रहा था ताकि इस गर्मी लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। ऐसे में सांसद से फंड मिल जाने से नगर निगम ने राहत की सांस ली है। वहीं कुछ पैसे रांची नगर निगम भी टैंकर की खरीदारी के लिए खर्च करेगा। इससे काफी संख्या में छोटे-बड़े पानी के टैंकर खरीदे जा सकेंगे।

टैंकर की कमी से थी परेशानी

नगर निगम एरिया में रातू रोड से लेकर हरमू होते हुए डोरंडा को ड्राई जोन घोषित किया जा चुका है। ऐसे में वहां पर सप्लाई पानी का सहारा है। वहीं सप्लाई नहीं आने की स्थिति में उन इलाकों में नगर निगम के टैंकरों से पानी की सप्लाई की जाती है। लेकिन टैंकर की कमी के कारण पानी टाइम से नहीं मिल पाता था। टैंकर आने के बाद जब पानी मिलता भी तो उससे लोगों को बस पीने के लिए ही पानी मिल पा रहा था। लेकिन इस बार टैंकर काफी संख्या में होंगे, जिससे कि जरूरत का पानी उपलब्ध कराया जा सकेगा।

पानी की रेगुलर सप्लाई की जा सकेगी

गर्मी में सिटी के डैमों से पानी की सप्लाई रेगुलर नहीं होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इतना ही नहीं, हरमू मैदान के आसपास रहने वाले लोग तो एक से दो महीने के लिए रांची छोड़ अपने रिश्तेदारों के यहां भी चले जाते हैं। इसके बाद जब बारिश शुरू होती है तो वापस रांची लौट आते हैं। लेकिन इस बार लोगों को इस समस्या से निजात मिल जाएगी। चूंकि टैंकर आने के बाद रांची नगर निगम रेगुलर पानी पिलाने का दावा कर रहा है।