कानपुर। आने वाले समय में आंधी-तूफान और ओले की आशंका बन रही है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब और आसपास के इलाकों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण चक्रवात बन रहा है। उत्तर पूर्व राजस्थान और उससे लगे निचले इलाकों में चक्रवात के आसार बन रहे हैं। अरब सागर से पूर्व की ओर आर्द्रता बढ़ रही है। बंगाल की खाड़ी की ओर से दक्षिण पूर्वी हवाओं के कारण पूर्वी भारत में आर्द्रता बढ़ रही है। इसकी वजह से तूफान और ओले पड़ने की आशंका है।

बंगाल की खाड़ी से मैदानों की ओर बढ़ रही आर्द्रता

असम और मेघालय 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी-तूफान के साथ बारिश की आशंका है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि हिमालय के निचले इलाकों पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ बारिश की आशंका है। इसके अलावा झारखंड, गांगेय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आंधी-तूफान के साथ बारिश के आसार बन रहे हैं। कुछ स्थानों पर ओले भी पड़ सकते हैं।

बारिश या बर्फबारी : मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित और बालटिस्तान में बारिश या बर्फबारी की आशंका है।

ओले पड़ेंगे : हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में रविवार को आंधी-तूफान के साथ ओले पड़ सकते हैं।

गरज-चमक के साथ बारिश : पंजाब और पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाकों में भी रविवार को कमोबेस ऐसा ही मौसम रहेगा।

आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश : छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तूफान चलने की आशंका है। रविवार को इन इलाकों में बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

National News inextlive from India News Desk