चंडीगढ़ (पीटीआई)। देश में एक बार उत्तर भारत के कई इलाकों में लोग ठंड से बेहाल है। पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में बुधवार को न्यूनतम तापमान फिर से गिर गया। रोहतक, भिवानी, फरीदाबाद, गुड़गांव, अंबाला, हिसार, करनाल और नारनौल सहित हरियाणा के कई हिस्सों में भी सुबह घने कोहरे की चादर छा गई। पिछले तीन दिनों में सामान्य के करीब तक पहुंचने के बाद एक बार फिर अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान गिर गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि चंडीगढ़ में तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली में भी लोग ठंड से काफी परेशान

वहीं पंजाब में कई इलाकों में आज लोगों का ठंड से बुरा हाल है। अमृतसर (4.6 डिग्री सेल्सियस), आदमपुर (4.5 डिग्री), हलवारा (5.8 डिग्री), बठिंडा (4.8 डिग्री), लुधियाना (6.4 डिग्री) और पटियाला (6.8 डिग्री) पहुंचा। हरियाणा में भी ठंड का कहर बरप रहा है। हिसार में 4.4 डिग्री सेल्सियस कम तापमान दर्ज किया गया जबकि सिरसा में 5 डिग्री तक तापमान पहुंचा। करनाल में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस, जबकि अंबाला में 6.5 डिग्री और भिवानी में 6.4 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी दिल्ली में भी लोग ठंड से परेशान हैं।

कई जगहों पर बारिश और बर्फबारी हुई

वहीं वेदर एजेंसी स्काईमेट के वैज्ञािनकों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी हिमालय के कई जगहों पर बारिश और बर्फबारी हुई है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। इन राज्यों के कई इलाकों में घना काेहरा भी छाया रहा। उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, पूर्वी असम, अरुणाचल प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश के अलावा दक्षिण-तटीय तमिलनाडु में भी एक-दो स्थानों पर बारिश देखी गई। वहीं मध्य प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर बारिश हुई।

National News inextlive from India News Desk