कानपुर। Weather Alert देश में उत्तर भारत की तरफ एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस आ रहा है। वेदर एजेंसी स्काईमेट के वैज्ञानिकों के अनुसार मौसमी सिस्टम पर नजर डालें तो यह वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तरी अफगानिस्तान पर पहुंचा है। वहीं बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी भागों पर एक विपरीत चक्रवाती क्षेत्र लंबे समय से सक्रिय है। मध्य भारत पर मराठवाड़ा से छत्तीसगढ़ तक एक कोन्फ्लुएन्स जोन बन गया है। इसकी वजह से आज केरल, असम और अरुणाचल प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बारिश जारी रहने के आसार हैं। इसके अलावा देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। उत्तर-पश्चिम भारत में तेज गति से उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाएं चलेंगी। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में तापमान और ऊपर जाएगा। इसके साथ ही पर्वतीय राज्यों में भी दिन के तापमान में वृद्धि होगी।

30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे के हिसाब से हवाएं चलेंगी

वहीं मध्य भारत में बारिश का नया स्पेल शुरू होगा। इसकी वजह से दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन भागों में एक-दो स्थानों पर ओले गिरने की भी आशंका है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक विदर्भ में अलग-अलग स्थानों पर ओले गिरने की संभावना है। इसके साथ ही यहां पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे के हिसाब से हवाएं चलेंगी। पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर भी हवाएं तेज चलेंगी। ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र, मराठावाड़ा तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में कुछ स्थानों पर बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही कुछ जगहों पर बिजली चमक सकती है।

National News inextlive from India News Desk