- धूप निकलने के बावजूद गलन का प्रकोप, सांस और हड्डी के मरीजों की बढ़ी परेशानी

ALLAHABAD: मौसम लगातार दगा दे रहा है। शनिवार को सुबह दस के बाद धूप निकली लेकिन गलन बरकरार रही। इससे लोगों को ठंड से राहत नही मिल सकी। गलन के चलते सांस और जोड़ के मरीजों की तकलीफ भी बरकरार रही। हॉस्पिटल्स में अधिक संख्या में ठंड से प्रभावित मरीज पहुंचे। इस दौरान मंडल में कुल सात लोगों की मौत हो गई।

आज भी निकलेगी धूप, रहेगी गलन

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को तेज धूप निकलेगी और इसके साथ ही गलन बरकरार रहेगी। पारा 7 से 20 डिग्री के बीच रहने के आसार हैं। इस तरह से एक बार फिर लोगों को गलन से राहत नही मिलेगी। इस बीच शनिवार को सांस के मरीजों को खासी दिक्कत हुई। उनको डॉक्टर के पास जाना पड़ा। वहीं गठिया के मरीजों को परेशानी हुई। उन्हें डॉक्टरी सलाह लेनी पड़ी।

ठंड से हो गई मौत

इलाहाबाद में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ जबकि अधिकतम 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा। हंडिया थाना क्षेत्र के गढ़वा गांव निवासी रेशमा (26) पत्नी मनोज की सुबह ठंड लगने से मौत हो गई। प्रतापगढ़ में भी धूप खिलने से थोड़ी राहत मिली। ठंड से सांगीपुर के 76 वर्षीय बद्री प्रसाद वर्मा, उदयपुर के 55 वर्षीय विश्वंभर विश्वकर्मा, कोहंडौर की 26 वर्षीय अर्चना तथा अंतू के 45 वर्षीय अशोक गुप्ता की मौत हो गई। कौशांबी में भी दो लोगों की जान चली गई।

ठंड से बचाव के उपाय

- देर रात घर से मत निकलें।

- शरीर को गर्म कपड़ों से ढंककर कर रखें।

- बहुत देर तक ठंडे पानी से मत नहाएं।

- जमीन पर नंगे पैर चलने से बचें।

- अधिक ठंड लगने पर अलाव का सहारा लें।

- चक्कर आने या बेचैनी होने पर डॉक्टर की सलाह लें।