* जम्मू-कश्मीर व हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश व बर्फबारी

* चंडीगढ़ और पश्चिम उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं संग बारिश

* हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश में ओले गिरने के हैं अासार

कानपुर। उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे भारतीय इलाकों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने से देश के कई राज्यों में अगले 2 दिनों तक माैसम बिगड़ा रहेगा। भारतीय माैसम विभाग की मानें तो जम्मू-कश्मीर व हिमाचल प्रदेश में आज भी और कल भी भारी बारिश व बर्फबारी के आसार हैं। उत्तराखंड में भी हालात बिगड़े रहेंगे। ऐसे में माैसम वैज्ञानिकों ने स्थानीय निवासियों के साथ ही पयर्टकों को भी पहाड़ के उंचाई वाले इलाकों में न जाने की सलाह दी है।

मैदानी इलाकों में आज ओले गिरने के हैं आसार

वहीं वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से मैदानी इलाकों में माैसम कल से ही बिगड़ने लगा था। कल उत्तर पश्चिम भारत के कई इलाकों में आंधी चलने के साथ  बारिश भी हुई है। आज भी पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिम उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्से में तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश होगी। इसके अलावा बिहार व उत्तर मध्य प्रदेश में भी बारिश की संभावना है। वहीं आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश में ओले गिरने की भी संभावना है।

अगले 24 घंटों में इन राज्यों में बिगड़ेगा माैसम

वहीं अगले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ और झारखंड भी चपेट में आ जाएंगे। उत्तर छत्तीसगढ़ और झारखंड में 8 फरवरी को कई इलाकों में बारिश होने के अासार हैं। बिहार में 8 फरवरी को भी बारिश होगी। वहीं पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई इलाकों में 8 और 9 फरवरी को कई इलाके बारिश की चपेट में रहेंगें। इसके अलावा पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी माैसम बिगड़ा रहेगा। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 9 फरवरी को भारी बारिश के आसार हैं।

National News inextlive from India News Desk