कानपुर। देश में इन दिनों बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान फेनी को लेकर कई इलाकों में अलर्ट जारी किया है। चक्रवाती तूफान बंगाल की खाड़ी से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इस दाैरान उत्तर आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तट पर हवाओं की गति 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकती हैं।

सबसे ज्यादा ओडिशा और आंध्र प्रदेश के इलाके प्रभावित होंगे

वहीं आने वाले 24 घंटों में चक्रवाती तूफान ओडिशा तट पर गोपालपुर और चांदबली के बीच से गुजरते हुए कभी भी पुरी के तटीय इलाकों से टकरा सकता है। इस दाैरान तूफान की अधिकतम गति 170 से 180 किलोमीटर प्रति घंटा से 200 किमी प्रति घंटा तक रहने की संभावना है। इस तूफान के टकराने के बाद सबसे ज्यादा ओडिशा और आंध्र प्रदेश के इलाके प्रभावित होंगे।

माैसम : करीब 200 किमी की रफ्तार से टकराएगा फेनी तूफान,अगले आदेश तक ओडिशा में स्कूल-काॅलेज बंद

ओडिशा में दो मई से सभी स्कूल-कॉलेज को भी बंद कर दिया

ओडिशा और आंधप्रदेश में भारी बारिश हो होने की आशंका है। इसकी वजह से यहां पर अलर्ट जारी किया गया है। मछुआरों को इन क्षेत्रों में प्रवेश न करने की सलाह दी गई है। विशेष राहत आयुक्त बीपी शेट्टी का कहना है कि ओडिशा में दो मई से सभी स्कूल-कॉलेज को भी बंद कर दिया है। वहीं उत्तर व पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों की बात करें तो कई राज्यों में धूल भरी आंधी चलेगी।

इसके अलावा विदर्भ और मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर लू चलेगी

भारतीय माैसम विभाग के वैज्ञानिकों की मानें तो उत्तराखंड, बिहार झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, तमिलनाडु और पुदुचेरी में हवाएं तेज चलेंगी। यहां हवाओं की गति 40-50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं पश्चिम उत्तर प्रदेश में भी कई स्थानों पर हवाएं व धूल भरी आंधी चलने की आशंका है। इसके अलावा विदर्भ और मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर लू चलेगी।

National News inextlive from India News Desk